सड़क निर्माण को लेकर रोड़ेबाजी और फायरिंग, आधा दर्जन लोग घायल चार हिरासत में

मसौढ़ी . धनरूआ प्रखंड की देवधा पंचायत के सोहानीचक गांव में मुख्यमंत्री सात निश्चय योजना के तहत संचालित नाली -गली निर्माण को लेकर दो पक्ष बीते शनिवार की देर रात आपस में भिड़ गये. इस दौरान उनके बीच शनिवार की देर रात व रविवार की सुबह में रोड़ेबाजी व फायरिंग हुई. इसमें दोनों पक्षों के […]

मसौढ़ी . धनरूआ प्रखंड की देवधा पंचायत के सोहानीचक गांव में मुख्यमंत्री सात निश्चय योजना के तहत संचालित नाली -गली निर्माण को लेकर दो पक्ष बीते शनिवार की देर रात आपस में भिड़ गये. इस दौरान उनके बीच शनिवार की देर रात व रविवार की सुबह में रोड़ेबाजी व फायरिंग हुई. इसमें दोनों पक्षों के आधा दर्जन लोग घायल हो गये.
इधर, सूचना पाकर मौके पर पहुंची धनरूआ पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में ले लिया. मिली जानकारी के मुताबिक सोहानीचक गांव के वार्ड-दो में मुख्यमंत्री सात निश्चय योजना के तहत नाली-गली निर्माण के तहत सड़क बनायी जा रही है. इसे लेकर पूर्व से ही वहां प्रसाद यादव और मल्लू यादव के बीच विवाद चल रहा है. बीते शनिवार की रात वहां जेसीबी मशीन से मिट्टी भराई का काम चल रहा था. इसी बीच प्रसाद यादव व मल्लू यादव के बीच विवाद हो गया और दोनों पक्षों के बीच फायरिंग होने लगी. इस दौरान करीब दर्जन भर गोलियां चलीं. हालांकि, इसमें किसी के घायल होने की सूचना नहीं थी.
सूचना पाकर मौके पर पुलिस भी पहुंची और दोनों पक्षों को समझा-बुझा कर लौट गयी. इधर, रविवार की सुबह में फिर दोनों पक्षों के बीच रोड़ेबाजी व फायरिंग होने लगी. रोड़ेबाजी में दोनों पक्षों के आधा दर्जन लोग जख्मी हो गये. सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों के चार लोगों को हिरासत में ले लिया.
इस बीच पुलिस ने बताया कि फिलहाल किसी पक्ष ने कोई लिखित शिकायत नहीं की है. इस कारण इस संबंध में अभी तक कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं की जा सकी है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >