पटना सिटी : नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में संचालित रेडियोलॉजी विभाग में डिजिटल रेडियोग्राफी एक्सरे शुक्रवार को भी नहीं बन सकी. नतीजतन शुक्रवार को भी मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ा. मामला यह है कि गुरुवार को डिजिटल एक्सरे में खराबी आ गयी थी. इस कारण से मरीजों को डिजिटल एक्सरे की सुविधा नहीं मिल पा रही थी. हालांकि,विभाग में लगी कंप्यूटर रेडियोग्राफी मशीन से मरीजों का एक्सरे किया जा रहा है.
शुक्रवार को भी इस मशीन से लगभग एक सौ से अधिक मरीजों का एक्सरे किया गया. दूसरी तरफ, अस्पताल की इमरजेंसी में भी बीते दो माह से अधिक समय से एक्सरे मशीन खराब पड़ी है. कर्मियों ने बताया कि इमरजेंसी में लगी कंप्यूटर रेडियोग्राफी मशीन से मरीजों का एक्सरे होता है, जो खराब है. इस परिस्थिति में यहां पर पोर्टेबल एक्सरे मशीन का उपयोग कर मरीज का एक्सरे किया जाता है.
