खगौल पुलिस ने नगर में कई दिनों से चल रहे जुआ के अड्डे और शराब की सप्लाई व खरीद-बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो पार्षद समेत 11 लोगों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, थाना क्षेत्र के निम्मतल्ला रोड फाटक के समीप एक पार्षद के मकान में जुआ का अड्डा चलने की सूचना मिली थी. सूचना का सत्यापन करने के बाद गुरुवार देर रात पुलिस ने मकान में छापेमारी की.
जुआ के अड्डे पर पुलिस ने की छापेमारी
थानाध्यक्ष रंजन कुमार ने बताया कि पुलिस टीम ने पार्षद के मकान में चल रहे जुआ के अड्डे पर छापेमारी की. कार्रवाई के दौरान पार्षद अनिल कुमार समेत 11 लोगों को गिरफ्तार किया गया. पुलिस ने मौके से 2,26,810 रुपये नकद, ताश की गड्डी और 11 मोबाइल बरामद किये.
मकान के नीचे वाले कमरे से मिली शराब
पुलिस के अनुसार, छापेमारी के दौरान मकान के नीचे वाले कमरे से पांच लीटर अंग्रेजी शराब भी बरामद की गयी. मकान के मालिक पार्षद महेंद्र सिंह से पूछताछ की गयी. पुलिस ने जब पूछा कि उनके मकान में जुआ का अड्डा चल रहा है और नीचे वाले कमरे से शराब बरामद हुई है, तो उन्होंने मकान किराये पर देने की बात कही. हालांकि, पुलिस को किराये से संबंधित कोई पेपर या एग्रीमेंट उपलब्ध नहीं कराया गया. इसके बाद महेंद्र सिंह को भी गिरफ्तार कर लिया गया.
गिरफ्तार आरोपितों को भेजा गया न्यायिक हिरासत में
पुलिस ने सभी आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया. गिरफ्तार आरोपितों में अनिल कुमार, पिता स्व. कृष्णा गोप, बड़ी खगौल निमतल्ला रोड ग्वाला टोली, खगौल; मनीष कुमार, पिता कामेश्वर राय, जमालुदीनचक, खगौल; सन्नी कुमार, पिता स्व. कमलेश प्रसाद, बड़ी बदलपुरा लख पर, खगौल; मोहन प्रसाद, पिता महाबीर प्रसाद, छोटी बदलपुरा, खगौल; सुमीत कुमार, पिता महेश प्रसाद, जमालुदीनचक, खगौल; मो. सरफुदीन, पिता जमीरउदीन, बड़ी खगौल चक्रदाहा, खगौल; संतोष कुमार, पिता रामबहादुर सिंह, कोथवा, खगौल; शमीम कुरैशी, पिता मुस्लिम कुरैशी, कुम्हार टोली, खगौल; मिथिलेश कुमार, पिता यमुना सिंह, सरारी, शाहपुर; विक्की कुमार, पिता रमेश सिंह, फुलिया टोला, फुलवारीशरीफ; निखिल कुमार, पिता गोपाल प्रसाद सिंह, फुलिया टोला, फुलवारीशरीफ; मुन्ना कुमार, पिता बासुदेव प्रसाद, चकमुसा, जानीपुर और महेंद्र सिंह, पिता महेश कुमार सिंह, बड़ी खगौल, खगौल शामिल हैं.
