पटना से रहस्यमय ढंग से लापता 10वीं की छात्रा कोलकाता से बरामद, रेलवे ट्रैक पर मिला था स्कूल ड्रेस-बैग

पटना के दानापुर से लापता हुई 10वीं की नाबालिग छात्रा को पुलिस ने कोलकाता से सकुशल बरामद कर लिया है. रेलवे ट्रैक पर स्कूल ड्रेस और बैग मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया था. पुलिस की जांच में प्रेम प्रसंग का मामला सामने आ रहा है.

Patna Missing Student Found in Kolkata : पटना के दानापुर रेलवे कॉलोनी क्षेत्र से सोमवार को संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुई 10वीं कक्षा की नाबालिग छात्रा को पुलिस ने कोलकाता से सकुशल बरामद कर लिया है. छात्रा के लापता होने के बाद रेलवे ट्रैक के पास उसका स्कूल ड्रेस और बैग मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया था. परिजन और स्थानीय लोग किसी अनहोनी की आशंका जता रहे थे. छात्रा के अपहरण की आशंका को लेकर सोमवार की शाम दानापुर-बिहटा मुख्य मार्ग को करीब चार घंटे तक जाम कर प्रदर्शन भी किया गया था.

पुलिस की जांच में छात्रा की लोकेशन कोलकाता में मिली, जिसके बाद पुलिस टीम को वहां भेजा गया. पुलिस के अनुसार छात्रा को सकुशल बरामद कर लिया गया है और उसे पटना लाया जा रहा है. शुरुआती जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है.

Patna News : रेलवे ट्रैक पर मिला था स्कूल ड्रेस और बैग

छात्रा के अचानक लापता होने के बाद परिजनों और पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की थी. इसी दौरान रेलवे ट्रैक के पास छात्रा का स्कूल ड्रेस और बैग बरामद हुआ. छात्रा के कपड़े और सामान रेलवे ट्रैक के पास मिलने के बाद मामला और गंभीर हो गया था.

सामान मिलने के बाद परिजनों को छात्रा के साथ किसी अनहोनी की आशंका हुई. इसकी सूचना पुलिस को दी गई. मंगलवार को एफएसएल की टीम भी रेलवे ट्रैक पर पहुंची और वहां से मिले सामान समेत अन्य बिंदुओं की जांच की.

सोमवार को स्कूल से घर नहीं पहुंची थी छात्रा

मिली जानकारी के अनुसार, छात्रा खगौल थाना क्षेत्र के लोको कॉलोनी में किराये के मकान में अपने परिवार के साथ रहती थी. सोमवार को स्कूल की छुट्टी के बाद वह घर नहीं पहुंची. दोपहर करीब दो बजे तक छात्रा के घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की.

परिजनों ने स्कूल में भी जानकारी ली. वहां से पता चला कि छुट्टी के बाद छात्रा स्कूल से निकल गई थी. इसके बाद परिवार के लोगों ने आसपास के इलाकों और संभावित स्थानों पर उसकी तलाश शुरू कर दी.

अपहरण की आशंका पर सड़क पर उतरे थे लोग

छात्रा के लापता होने और रेलवे पटरी के पास उसका स्कूल ड्रेस व बैग मिलने की सूचना फैलते ही परिजन और स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए थे. छात्रा के अपहरण की आशंका जताते हुए लोगों ने दानापुर-बिहटा मुख्य मार्ग को जाम कर दिया था.

शाम करीब छह बजे शुरू हुआ सड़क जाम रात करीब 11 बजे तक जारी रहा. इस दौरान सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई थी. प्रदर्शन कर रहे लोगों ने सड़क पर आगजनी भी की थी. लोग छात्रा की सकुशल बरामदगी की मांग कर रहे थे.

परिजनों का आरोप था कि लिखित शिकायत देने के बावजूद पुलिस की कार्रवाई में देरी हुई. इसके बाद लोगों का आक्रोश और बढ़ गया था. पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझाने का प्रयास किया था.

स्कूल और कोचिंग में पुलिस ने की पूछताछ

छात्रा की बरामदगी के लिए दानापुर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-1 अजीत कुमार के नेतृत्व में विशेष जांच टीम यानी एसआइटी का गठन किया गया था. टीम ने मंगलवार को छात्रा के स्कूल और कोचिंग संस्थान पहुंचकर शिक्षकों और उसके सहपाठियों से पूछताछ की.

पुलिस ने छात्रा के स्कूल से निकलने के बाद उसके संपर्क में रहे लोगों और उसकी गतिविधियों से जुड़ी जानकारी जुटाई. पूछताछ के दौरान पुलिस को कुछ महत्वपूर्ण जानकारी मिली, जिसके आधार पर जांच आगे बढ़ाई गई.

कोलकाता में मिली लोकेशन, पुलिस टीम ने किया बरामद

जांच के दौरान पुलिस को छात्रा की लोकेशन कोलकाता में मिली. इसके बाद पुलिस टीम कोलकाता के लिए रवाना हुई. वहां से छात्रा को सकुशल बरामद कर लिया गया.

पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार छात्रा सोमवार को घर से निकलने के बाद दूसरा ड्रेस पहनकर कोलकाता के लिए रवाना हुई थी. बताया जा रहा है कि उसने अपना स्कूल बैग और ड्रेस रेलवे ट्रैक के पास फेंक दिया था. बाद में यही सामान पुलिस को मिला, जिसके कारण मामले को लेकर कई तरह की आशंकाएं सामने आई थीं.

प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा मामला

पुलिस के अनुसार शुरुआती जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा सामने आ रहा है. हालांकि छात्रा के पटना पहुंचने और उसके बयान के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट होगी. पुलिस छात्रा के लापता होने के दौरान उसके संपर्क में रहे लोगों और पूरे घटनाक्रम की भी जांच कर रही है.

छात्रा की बरामदगी के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली है. पुलिस अब उसके बयान और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी. सोमवार को जिस मामले को लेकर इलाके में तनाव और सड़क जाम की स्थिति बन गई थी, उसमें छात्रा के सकुशल मिलने के बाद पुलिस की जांच अब पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने पर केंद्रित है.

Also Read:


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Nitish kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >