रोहतास : बिहार के रोहतास जिले के नासरीगंज के रहने वाले बड़े व्यवसायी दुधेश्वर साह के अपहरण का सनसनीखेज खबर सामने आ रही है. जानकारी के मुताबिक दुधेश्वर साह बुधवार सुबह अपने घर से टहलने के लिए निकले थे. ठीक उसी वक्त घात लगाये अपराधियों ने स्कॉर्पियो से उनका अपहरण कर लिया. स्थानीय लोगों की मानें, तो पूरी घटना को किसी फिल्म की तरह अंजाम दिया गया है. स्कॉर्पियो बिना नंबर वाली गाड़ी थी. घटना के बाद से पूरे जिले में प्रशासन ने अलर्ट जारी कर दिया है. जिले की सीमा पर विशेष चौकसी बरती जा रही है. पड़ोसी जिले के सीमा को भी सील करने की खबर मिल रही है.
स्थानीय पुलिस वालों की मानें, तो सभी वरीय पदाधिकारियों को इसकी सूचना दे दी गयी है. विरोध में नासरीगंज बाजार की तमाम दुकानें बंद है. बाजार के व्यवसायियों में काफी आक्रोश है. पुलिस लगातार व्यवसायी की बरामदगी के लिए छापेमारी कर रही है. वरिष्ठ पदाधिकारियों के निर्देश पर विशेष टीम का गठन कर अपराधियों के संभावित ठिकानों की तलाशी भी चल रही है. बताया जाता है कि अपहृत व्यवसायी दुधेश्वर साह, रोहतास जिले के नासरीगंज और आस-पास के बाजारों में बड़े व्यवसायी के रूप में जाने जाते हैं. नासरीगंज बाजार में बड़ी किराना की दुकान और कई गोदाम हैं. उधर, स्थानीय व्यवसायियों ने प्रशासन को एक दिन का अल्टीमेटम जारी किया है और व्यवसायी के सकुशल रिहाई की मांग की है.
यह भी पढ़ें-
तेजस्वी से ईडी ने की नौ घंटे पूछताछ, जानें इससे जुड़ी 10 बड़ी बातें
