पटना : बिहार प्रदेश कांग्रेस की बैठक में आज राहुल गांधी को पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाये जाने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया. साथ ही बैठक में प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव का फैसला भी कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी को सौंप दिया गया है. बता दें कि आज बिहार प्रदेश कांग्रेस के राज्य प्रतिनिधियों का सम्मेलन बुलायागया था. सोमवार को आयोजितहुई राज्य प्रतिनिधि सम्मेलन में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अशोक चौधरी सहित सभी विधायक और सांसद भाग लेने पहुंचे थे.
इसी बीच बैठक शुरू होने से पूर्व ही प्रदेश कांग्रेस कार्यालय सदाकत आश्रम के बाहर जमकर हंगामा हुआ. इस दौरान पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अशोक चौधरी और उनके समर्थकों के साथ हाथापाई भी किये जाने की खबर है. जिसके बाद सदाकत आश्रम पुलिस छावनी में तबदील हो गयी. इन सबके बीच प्रदेश कांग्रेस की आज संपन्न हुई बैठक में राहुल गांधी को पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाये जाने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित कर दिया.
