Patna News: पटना सिटी के सुल्तानगंज थाना क्षेत्र स्थित मुसल्लहपुर हाट में गुरुवार की रात बेखौफ अपराधियों ने मसाला कारोबारी की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना उस समय हुई जब सिविल डिफेंस के ब्लैकआउट पूर्वाभ्यास के दौरान इलाके में अंधेरा था। बदमाशों ने अंधेरे का फायदा उठाते हुए कारोबारी को बेहद करीब से गोली मार दी और फरार हो गए।
मृतक की पहचान मुसल्लहपुर हाट में मसाले का कारोबार करने वाले 35 वर्षीय पिंटू कुमार साव उर्फ बड़का के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।
ब्लैकआउट के दौरान दिया वारदात को अंजाम
जानकारी के अनुसार मुसल्लहपुर हाट के पीछे टिकिया टोली मोहल्ला निवासी नारायण साव अपने बेटे पिंटू कुमार के साथ दुकान पर बैठे थे। इसी दौरान ब्लैकआउट पूर्वाभ्यास के कारण इलाके की बिजली बंद हुई। पहले से घात लगाए बदमाश मौके पर पहुंचे और पिंटू कुमार के सिर में बेहद नजदीक से गोली मार दी।
गोली लगते ही पिंटू दुकान पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ा। अंधेरे का फायदा उठाकर अपराधी गलियों के रास्ते फरार हो गए।
रोशनी आने पर परिजनों को हुई घटना की जानकारी
मृतक के पिता नारायण साव ने बताया कि ब्लैकआउट के कारण गोली चलने की आवाज स्पष्ट सुनाई नहीं पड़ी। जब कुछ देर बाद रोशनी आयी तो देखा कि पिंटू खून से लथपथ जमीन पर पड़ा हुआ है।
इसके बाद परिजन आनन-फानन में उसे इलाज के लिए पीएमसीएच लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
एक सप्ताह पहले हुए विवाद की जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही नगर पुलिस अधीक्षक परिचय कुमार, डीएसपी राजकिशोर सिंह और सुल्तानगंज थानाध्यक्ष कमलेश कुमार मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।
डीएसपी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आयी है कि मृतक का करीब एक सप्ताह पहले किसी व्यक्ति से विवाद हुआ था। पुलिस उसी बिंदु को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस, एफएसएल टीम ने भी की जांच
सिटी एसपी ने बताया कि अपराधियों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। उन्होंने दावा किया कि जल्द ही मामले का खुलासा कर लिया जाएगा।
घटना स्थल पर एफएसएल टीम भी पहुंची और वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाए।
परिवार में छाया मातम
परिजनों के अनुसार पिंटू कुमार दो भाइयों में बड़ा था और उसकी चार बहनें हैं। परिवार का कहना है कि उनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। ऐसे में हत्या की वजह अब तक स्पष्ट नहीं हो सकी है।
घटना के बाद पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं मुसल्लहपुर हाट इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।
ALSO READ: जुलाई से एलएनजेपी अस्पताल में शुरू होगी 400 बेड की नई सुविधा, रोजाना इतने मरीजों का होगा इलाज
