संवाददाता, पटना ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन, पटना विश्वविद्यालय के बैनर तले गुरुवार को पटना कॉलेज परिसर में टीआरइ 4.0 अभ्यर्थियों के साथ हो रहे अन्याय, लगातार हो रहे नीट और एइडीओ पेपर लीक, शांतिपूर्ण प्रदर्शन पर दमन और निर्दोष अभ्यर्थियों की गिरफ्तारी के खिलाफ प्रतिवाद मार्च निकाला गया. मार्च कॉमरेड नितीश, सबा, अदिति, आज़ाद, आशीष, सुमित, मोनू, आदर्श, दीपु, मोहिनी और यूसुफ के नेतृत्व में आयोजित किया गया. इसमें छात्रों ने एकजुट होकर शिक्षा व्यवस्था में व्याप्त भ्रष्टाचार और सरकार की दमनकारी नीतियों के खिलाफ आवाज बुलंद की. आइसा पटना विश्वविद्यालय के अध्यक्ष, कॉमरेड नितीश ने आरोप लगाया कि एनटीए और भाजपा सरकार ने नयी शिक्षा नीति, वीबीएसए और पेपर लीक के माध्यम से छात्रों के भविष्य को शिक्षा माफियाओं और निजी एजेंसियों के हाथों बेच दिया है. आइसा पटना विश्वविद्यालय की सचिव, कॉमरेड सबा ने कहा कि अभ्यर्थियों के लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करने पर पुलिस द्वारा बेरहमी से पीटा जा रहा है और गिरफ्तार किया जा रहा है. महिला अभ्यर्थियों के साथ पुरुष पुलिसकर्मियों द्वारा बदसलूकी और मारपीट की घटनाएं बेहद चिंताजनक हैं. आजाद ने देश में गिरती शिक्षा की गुणवत्ता पर चिंता जतायी, जबकि अदिति ने अभ्यर्थियों के हिरासत और गिरफ्तारी की कड़ी निंदा की. आइसा ने प्रभावित परीक्षाओं की पुनः परीक्षा की तिथि शीघ्र घोषित करने की मांग की और चेतावनी दी कि यदि इन मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं की गयी, तो आंदोलन को और तेज किया जायेगा.
नीट यूजी और एइडीओ पेपर लीक के खिलाफ एआइएसए ने निकाला प्रतिवाद मार्च
शांतिपूर्ण प्रदर्शन पर दमन और निर्दोष अभ्यर्थियों की गिरफ्तारी के खिलाफ प्रतिवाद मार्च निकाला गया
