पटनावासियों को एक साथ मिली तीन पार्क और ग्रीन जोन की सौगात, देखें तस्वीरें

पटना को वन एवं पर्यवारण मंत्री तेजप्रताप यादव ने ग्रीन जोन से कवर तीन नये पार्कों की सौगात दी है. यह सभी पार्क राजेंद्र नगर में स्थित हैं. देखें राजेंद्रनगर 8C पार्क, मैक डोवेल पार्क-2 और मैक डोवेल गोलंबर पार्क-3 की तस्वीरें...

तीन पार्कों का हुआ उद्घाटन

पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के अंतर्गत निर्मित राजेंद्र नगर में तीन पार्कों ‘राजेंद्रनगर 8C पार्क’, ‘मैक डोवेल पार्क-2’ और ‘मैक डोवेल गोलंबर पार्क-3’ का उद्घाटन पर्यावरण मंत्री तेज प्रताप यादव ने किया.

लोगों की सुधरेगी सेहत

पटना पार्क प्रमंडल, पटना की ओर से इन तीनों पार्कों का समुचित रखरखाव किया जा रहा है. यह पार्क लोगों के अच्छे स्वास्थ्य के साथ स्वच्छ पर्यावरण देगा, जो लोगों को पर्यावरण के साथ जुड़ने में मदद करेगा.

पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग पार्कों का कर रही रखरखाव

बता दें कि वर्ष 2014 में पटना शहर में पार्कों के रखरखाव का कार्य पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, बिहार के माध्यम से कराने का निर्णय लिया गया है. इस निर्णय के तहत पटना के पार्कों को नगर विकास और आवास विभाग पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग को हस्तांतरित किया गया है.

एंट्री रहेगी फ्री, रात आठ बजे तक खुलेगा पार्क

राजेन्द्र नगर 8 सी पार्क के विकास कार्यों के लिए कुल 53,96,389 रुपये की स्वीकृति, मैकडॉवेल गोलंबर पार्क भाग-2 पार्क के लिए 94,65,782 रुपये और मैकडॉवेल गोलंबर पार्क भाग-3 पार्क के लिए कुल 95,61,249 रुपये मात्र की स्वीकृति प्रदान की गयी थी. यहां लोगों के लिए एंट्री फ्री है. पार्क खुलने का समय सुबह 5:30 बजे से लेकर रात के 8:00 बजे तक है.

मॉर्निंग वॉक के साथ ओपन जिम का लाभ मिलेगा

मैकडॉवेल गोलंबर पार्क-3 को एक एकड़ जमीन में तैयार किया गया है. इसमें ओपन जिम, पेयजल, शौचालय, वाकिंग ट्रैक, स्टोर रूम, बिजली, बेंच, कचरे के निष्पादन के लिए डस्टबिन और वर्मी कम्पोस्ट यूनिट का निर्माण किया गया है.

पार्क में लैण्डस्केपिंग का कार्य भी किया गया

मैकडॉवेल गोलम्बर पार्क भाग-3 में लैण्डस्केपिंग का कार्य, बड़े एवं छोटे फूल वाले पौधों का रोपण का कार्य, ओपन जिम, पेयजल की व्यवस्था, शौचालय का निर्माण, वाकिंग ट्रैक, स्टोर रूम का निर्माण, जल निकास का कार्य भी किया गया है.

10 रुपये में यहां से पौधा भी खरीद सकते हैं लोग

मैकडॉवेल गोलंबर पार्क-2 में वर्मी कंपोस्ट यूनिट, नर्सरी, ओपन जिम, वाटर कूलर, वॉश बेसिन और वॉशरूम की सुविधा दी गयी है. पार्क के एंट्रेंस के कुछ ही दूरी पर एक नर्सरी भी है, यहां से आम लोग 10 रुपये में पौधा खरीद सकते हैं.

खेलने के लिए बनाया गया बैडमिंटन कोर्ट

राजेन्द्र नगर 8 सी पार्क लगभग एक एकड़ में फैला है. इसमें लोगों के टहलने के लिए 400 मीटर का ट्रैक बनाया गया है. जबकि बैठने के लिए बेंच भी लगाये गये हैं. अलग-अलग प्रजाति के फूल और शो प्लांट्स भी यहां टहलने वालों को तरोजाता करते रहेंगे. जबकि तमाम तरह की सुविधाएं जैसे- वाटर कूलर, हैंड बेसिन और वॉशरूम की सुविधा भी दी गयी है. जबकि लॉन के साथ बैडमिंटन कोर्ट भी बनाया गया है. पार्क में वर्मी कंपोस्ट यूनिट भी लगायी गयी है.

Also Read: Bihar Tourism: झरनों के साथ धार्मिक स्थलों का भी उठाना है लुत्फ, तो आयें रोहतास

चार करोड़ पौधारोपण का लक्ष्य

पार्कों के उद्घाटन के दौरान तेज प्रताप यादव ने कहा कि राज्य में हरित आवरण बढ़ाने के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है, जिसके लिए इस वर्ष चार करोड़ पौधारोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसे ससमय पूरा किया जायेगा.

शहर में और भी पार्कों का हो रहा निर्माण

तेज प्रताप ने यह भी बताया कि इस तरह के और पार्कों का निर्माण किया जा रहा है, जिसका लोकार्पण शीघ्र किया जाना प्रस्तावित है, उन्होंने सभी से अपील भी किया कि ये सभी पार्क आम जनों के लिए है जिसे सुरक्षित रखना सभी की जिम्मेवारी है. साथ ही सभी से पेड़ लगाने और उसके देखभाल करने का भी अनुरोध किया.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Anand Shekhar

Dedicated digital media journalist with more than 2 years of experience in Bihar. Started journey of journalism from Prabhat Khabar and currently working as Content Writer.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >