Bihar Rain Alert: बिहार में मानसून एक बार फिर एक्टिव नजर आ रहा है. पटना में बुधवार सुबह से ही बारिश हो रही है. आसमान में घने बादल छाए हैं. मौसम सुहाना होने के साथ कई इलाकों में बारिश का दौर शुरू हो गया है.
मौसम विभाग ने आज राज्य के 24 जिलों में बारिश की संभावना जताई है. इन जिलों में तेज हवा के साथ बारिश हो सकती है. अगले 48 घंटे के दौरान भी कई जगहों पर भारी बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया गया है.
24 जिलों में येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, बक्सर, भोजपुर, पटना, औरंगाबाद और गया समेत 24 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है.
इन इलाकों में बारिश के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है. कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ बारिश होने की भी संभावना है.
दिन चढ़ने के साथ बढ़ सकती है बारिश
सुबह के समय पटना समेत कुछ इलाकों में मौसम सामान्य बना हुआ है, लेकिन दिन बढ़ने के साथ बारिश का दायरा बढ़ सकता है. मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है.
नेपाल में बारिश से बढ़ रहा नदियों का जलस्तर
नेपाल के तराई इलाकों में लगातार हो रही बारिश का असर बिहार की नदियों पर भी दिखने लगा है. कई नदियों का जलस्तर बढ़ रहा है. इससे सीमावर्ती और निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है.
बेगूसराय में गंगा खतरे के निशान से ऊपर
बेगूसराय में गंगा नदी उफान पर है. यहां गंगा का जलस्तर खतरे के निशान से 83 सेंटीमीटर ऊपर पहुंच गया है. बाढ़ के पानी से 50 हजार से ज्यादा लोगों की आबादी प्रभावित बताई जा रही है.
मौसम विभाग के अलर्ट और नदियों के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन भी स्थिति पर नजर बनाए हुए है. आने वाले 48 घंटे बिहार के लिए मौसम और बाढ़, दोनों लिहाज से अहम माने जा रहे हैं.
