Patna News: (प्रमोद झा) पटना जिले में खेलकूद को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सभी पंचायतों में खेल मैदान विकसित किए जा रहे हैं. दूसरे चरण में जिले की 186 पंचायतों में खेल मैदान बनाए जाएंगे. इसके लिए जमीन चिह्नित करने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है. संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं.
जमीन चयन की प्रक्रिया जारी
जानकारी के अनुसार, खेल मैदान निर्माण के लिए जमीन चयन को लेकर सभी अंचल अधिकारियों (सीओ) और पंचायतों के कार्यक्रम अधिकारियों को पत्र भेजा गया है. दोनों अधिकारी संयुक्त रूप से जमीन का चयन कर अंतिम निर्णय लेंगे. सूत्रों के मुताबिक, दूसरे चरण में अब तक नौ पंचायतों में जमीन चिह्नित होने के बाद एनओसी भी मिल चुकी है. इनमें बाढ़ प्रखंड की चार पंचायतें, बिहटा प्रखंड की एक पंचायत तथा अन्य चार पंचायतें शामिल हैं.
एक खेल मैदान पर खर्च होंगे 10 से 17 लाख रुपये
सूत्रों के अनुसार, एक खेल मैदान के विकास पर लगभग 10 से 17 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे. जिले में पहले चरण के तहत 123 पंचायतों में खेल मैदान निर्माण का कार्य पूरा किया जा चुका है.
वीबी-जी राम जी योजना के तहत होगा निर्माण
बताया जा रहा है कि खेल मैदानों का निर्माण एक जुलाई से विकसित भारत-जी राम जी योजना के तहत किया जाएगा. प्रत्येक खेल मैदान के लिए लगभग 50 डिसमिल जमीन की आवश्यकता होगी. जिन नौ पंचायतों में जमीन उपलब्ध हो गई है, वहां जल्द निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। अन्य पंचायतों में जमीन चिह्नित करने की प्रक्रिया जारी है.
मजदूरों को नए नियम के तहत होगा भुगतान
खेल मैदान निर्माण कार्य में मजदूरों को विकसित भारत-जी राम जी योजना के नए नियमों के तहत भुगतान किया जाएगा. इन खेल मैदानों में फुटबॉल, बास्केटबॉल, वॉलीबॉल, रनिंग ट्रैक, बैडमिंटन और कबड्डी जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी.
पहले चरण में तैयार हुए 123 खेल मैदान
पटना जिले में पहले चरण के तहत 123 खेल मैदान तैयार किए जा चुके हैं। इनमें से अधिकांश खेल मैदान स्कूलों की जमीन पर बनाए गए हैं, ताकि स्कूली बच्चों को खेल सुविधाओं का अधिक लाभ मिल सके. इन मैदानों में रनिंग ट्रैक के साथ फुटबॉल, बास्केटबॉल, वॉलीबॉल, बैडमिंटन और कबड्डी की सुविधाएं उपलब्ध हैं.
ALSO READ: यात्रियों के लिए बड़ी राहत, पटना-झाझा रूट से नई दिल्ली और हावड़ा के बीच चलेगी स्पेशल ट्रेन
