पटना में महिला वकील की अधजली लाश बरामद, घर के गेट के पास मिला शव, जांच में जुटी पुलिस

Patna News: राजधानी पटना के शांत माने जाने वाले राजेंद्र नगर इलाके में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक महिला वकील की अधजली लाश उनके ही घर से बरामद हुई. मृतका हाईकोर्ट और सिविल कोर्ट में वकालत करती थीं. पुलिस ने मामले को संदेहास्पद मानते हुए हर एंगल से जांच शुरू कर दी है.

Patna News: पटना के कदमकुआं थाना क्षेत्र अंतर्गत राजेंद्र नगर रोड नंबर-2 स्थित एक दो मंजिला मकान से 65 वर्षीय महिला वकील डॉ. इंद्रा लक्ष्मी की अधजली लाश बरामद की गई है. कदमकुआं थाना क्षेत्र के रोड नंबर-2 स्थित दो मंजिला मकान में हुई इस वारदात ने कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं.

मृतका की पहचान 65 वर्षीय डॉ. इंद्रा लक्ष्मी के रूप में हुई है, जो पटना हाई कोर्ट और सिविल कोर्ट में वकालत करती थीं.

सुबह गेट के पास दिखा शव, किरायेदारों ने दी सूचना

मकान में रहने वाले किरायेदारों ने सुबह घर के गेट के पास अधजली लाश देखी. इसके बाद तुरंत कदमकुआं थाना पुलिस को सूचना दी गई. पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू की. घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है.

मृतका की पहचान डॉ. इंद्रा लक्ष्मी के रूप में हुई है. वे पटना हाईकोर्ट और सिविल कोर्ट में सक्रिय रूप से वकालत करती थीं. बताया जा रहा है कि वे राजेंद्र नगर स्थित अपने मकान में अकेली रहती थीं. उनके पति अमरेंद्र कुमार फिलहाल झारखंड के रांची में रहते हैं, जबकि उनकी बेटी बेंगलुरु में है. घटना की सूचना दोनों को दे दी गई है.

पुलिस हर पहलू पर कर रही जांच

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि मामला हादसा है या किसी आपराधिक साजिश का परिणाम. पुलिस आसपास के लोगों और किरायेदारों से पूछताछ कर रही है. मकान में अन्य किरायेदार भी रहते हैं, जिनसे घटनाक्रम के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है.

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस तकनीकी साक्ष्य और सीसीटीवी फुटेज की भी जांच कर रही है. इस घटना के बाद अधिवक्ता समुदाय में भी चिंता का माहौल है.

इलाके में दहशत, अदालत परिसर में चर्चा

राजधानी के प्रमुख आवासीय इलाके में हुई इस घटना से स्थानीय लोगों में दहशत है. वहीं, कोर्ट परिसर में भी इस घटना की चर्चा तेज है. आशंका जताई जा रही है कि इसका असर अदालत की कार्यवाही पर भी पड़ सकता है. फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी.

Also Read: पटना सिविल कोर्ट को फिर मिली बम से उड़ाने की धमकी, ‘ठीक 1 बजे होंगे 5 धमाके’

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Pratyush Prashant

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >