Patna Municipal Election: आधी आबादी दे रही कड़ी चुनौती, 266 महिलाएं इस बार लड़ रही नगर निगम का चुनाव

Patna Municipal Election 2022 में अब महज कुछ ही दिन शेष बचे हैं. मेयर का पद महिलाओं के लिए आरक्षित होने से महिलाओं की भागीदारी शहर और समाज के विकास की कमान संभालने के प्रति बढ़ी है. इस बार वार्ड पार्षद, मेयर और उप मेयर पदों के लिए 266 महिलाएं खड़ी हुई है. वे खुद घर-घर जाकर चुनाव का प्रचार कर रही हैं

जूही स्मिता, पटना
पटना नगर निगम चुनाव में वार्ड पार्षद, मेयर और उप मेयर पदों के लिए महिलाएं खड़ी हुई है. वे लगातार खुद घर-घर जाकर चुनाव का प्रसार-प्रचार कर ही रही है. साथ ही महिलाओं को बेहतर माहौल मिले, इसकी भी गारंटी दे रही हैं. वहीं उनके परिवार के सदस्य भी इसमें उनका योगदान दे रहे हैं. वोट अपील करते वक्त महिलाएं अपने वादों पर खरे उतरने और समाज को बेहतर दिशा देने की बातें कर रही हैं. वार्ड एक से लेकर 72 तक महिलाएं आरक्षित वार्डों के साथ जनरल वार्ड के लिए चुनाव लड़ रही हैं. आरक्षित और जनरल दोनों में कुल 266 महिला उम्मीदवार विभिन्न पदों के लिए चुनाव लड़ रही हैं. वहीं वार्ड संख्या आठ में निर्विरोध उम्मीदवार चुना गया है.

36 वार्डो में महिलाएं हैं वार्ड पार्षद की उम्मीदवार

पटना नगर निगम चुनाव में भले ही मेयर और डिप्टी मेयर के पदों के लिए नया आरक्षण रोस्टर जारी किया जा चुका है, लेकिन नगर निगम के वार्डों में पार्षद चुनाव में आरक्षण में कोई बदलाव नहीं किया गया है. साल 2017 में जारी आरक्षण रोस्टर के अनुसार ही इस बार भी पटना नगर निगम के वार्ड पार्षदों के चुनाव होंगे. निगम में कुल 74 वार्डों में से 36 वार्डो में विभिन्न वर्ग की महिला वार्ड पार्षद है, जबकि 15 वार्डो में अति पिछड़ा वर्ग के पार्षद और कुल सात वार्डों में अनुसूचित जाति के पार्षद हैं. जबकि शेष वार्ड अनारक्षित है.

जनरल कैटेगरी में पुरुषों के साथ महिलाएं भी हैं खड़ी

नगर निगम के इस चुनाव में अनारक्षित वार्डों में महिलाएं पुरुषों के साथ चुनाव लड़ने के लिए खड़ी हुई हैं. जहां एक ओर महिलाओं को आरक्षण दिया गया है, वहीं दूसरी ओर अगर बात महिला और पुरुष सहभागिता की जाये तो इसमें भी महिलाएं अपना योगदान देने में पीछे नहीं हैं. महिलाएं एक ही वार्ड से पुरुषों को कड़ी टक्कर देने का मन बना रही हैं. वे भी बड़े जोर-शोर के साथ वोट अपील करने में जुटी हुई हैं.

भागीदारी बढ़ने पर महिलाएं हैं खुश

प्रभात खबर ने जब पटना नगर निगम चुनाव में महिलाओं की बढ़ी भागीदारी पर कुछ महिला वोटरों से बातचीत की, तो उन्होंने बताया कि इस बार के नगर निगम चुनाव में महिला उम्मीदवारों की संख्या बढ़ी है, इससे काफी खुश हो रही है. उनका कहना है कि आज हर क्षेत्र में महिलाएं आगे आ रही हैं. महिलाएं अब राजनीति में भी पीछे नहीं हैं. बस चुनाव लड़ रही महिलाओं से आग्रह होगी की वे अगर चुनाव जीत जाती हैं, तो खुद से सारा निर्णय लें. अपने घर के पुरुषों से सलाह लें, लेकिन सारी जिम्मेदारी खुद संभालें.

हर गतिविधि पर रख रही हूं नजर

पटना विवि के पीजी मैथिली विभाग एचओडी डॉ अरुणा चौधरी ने बताया कि नगर निगम चुनाव की हर गतिविधि पर नजर रख रही हूं. इस बार महिलाएं आरक्षित और अनारक्षित दोनों ही कैटेगरी में खुल कर सामने आयी हैं. उम्मीद है कि इस बार पटना नगर निगम चुनाव में महिलाओं का दबदबा हो और समाज की बेहतरी में अपना विशेष योगदान दें.

चुनाव में देखने को मिलेगा कांटे की टक्कर

पाटलिपुत्र कॉलोनी में रहने वाली इंदुमती देवी ने कहा कि इस बार महिला उम्मीदवारों में वर्किंग, गृहिणी और समाजसेवा से जुड़ी महिलाएं खड़ी हुई हैं. कई महिला उम्मीदवार खुद से वोट की अपील के लिए आगे आ रही हैं. लेकिन दूसरी ओर कुछ महिला उम्मीदवारों के परिजन इसमें शामिल हैं. इस बार होने वाले चुनाव में महिला वर्सेस पुरुषों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिलेगी.

आरक्षित वार्डो में महिलाओं की बढ़ती सहभागिता

वार्ड संख्या महिलाओं की संख्या

2 5

3 8

4 9

5 10

8 5

10 4

12 5

14 4

17 12

19 4

20 5

21 5

22 7

22 बी 5

22 सी 6

26 2

30 5

31 5

31 6

41 5

43 3

45 5

46 10

50 8

52 5

53 8

57 11

58 4

59 6

60 4

61 5

62 4

64 7

66 2

71 9

72 7

कुल महिलाओं की संख्या : 215
नोट : नगर निगम की ओर से महिलाओं के लिए आरक्षित किये गये वार्ड पार्षद पद के लिए महिलाओं की संख्या पांच लेकर 12 तक हैं.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >