Nawada News: पकरीबरावां बाजार से एक महिला के अचानक लापता और अगवा होने की खबर मिलते ही स्थानीय पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. सूचना मिलते ही पकरीबरावां थाना पुलिस तुरंत हरकत में आई और मामले की गंभीरता को देखते हुए तकनीकी अनुसंधान के जरिए त्वरित कार्रवाई शुरू की. पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए महिला को सुरक्षित बरामद कर लिया.
तकनीकी जांच से सुलझा मामला, आरोपी जेल भेजा गया
मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नवादा जिले के नारदीगंज थाना क्षेत्र स्थित खुजहा गांव से एक युवक को गिरफ्तार किया. पकड़ा गया युवक गंगा चौहान का पुत्र रविंद्र चौहान है, जिसे पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है. पकरीबरावां थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर रंजन चौधरी ने बताया कि अमरपुर गांव निवासी संजय चौहान ने अपनी पुत्री काजल कुमारी के बाजार से अगवा होने की लिखित शिकायत दी थी. पुलिस ने मोबाइल लोकेशन और तकनीकी सूत्रों के आधार पर युवती को सकुशल बरामद किया और उसका न्यायालय में 164 के तहत कलमबंद बयान दर्ज कराया.
मजदूरी के लेन-देन से जुड़ा है विवाद
थानाध्यक्ष के अनुसार, प्रारंभिक जांच और पूछताछ में यह पूरा मामला लेबर ठेकेदारी से जुड़े रुपये के लेन-देन का प्रतीत हो रहा है. आरोप है कि पूर्व में दिए गए पैसों की वापसी को लेकर रविंद्र चौहान महिला पर लगातार दबाव बना रहा था. इसी विवाद के बीच परिजनों ने अपहरण की आशंका जताते हुए शिकायत दर्ज करा दी थी. हालांकि, पुलिस घटना के सभी तकनीकी व जमीनी पहलुओं की गहनता से पड़ताल कर रही है.
फरार वारंटी भी पुलिस की गिरफ्त में
एक अन्य कार्रवाई में, पकरीबरावां थाना पुलिस ने क्षेत्र के पकरी गांव में छापेमारी कर लंबे समय से फरार चल रहे एक वारंटी को दबोच लिया. गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान बनवारी यादव के पुत्र सतनारायण यादव के रूप में हुई है. पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे भी न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है.
Also Read: नवादा: पकरीबरावां में छेड़खानी के विरोध पर दो पक्षों में झड़प, युवक गंभीर रूप से घायल होकर रेफर
