नवादा: रोह बाजार में जलजमाव के खिलाफ फूटा लोगों का गुस्सा, सड़क जाम से घंटों ठप रहा यातायात

नवादा के रोह बाजार में वर्षों से जारी जलजमाव की समस्या ने स्थानीय लोगों का गुस्सा भड़का दिया है. 10 साल से बारिश में सड़क तालाब बनने से परेशान लोग एक बार फिर सड़कों पर उतर आए हैं. प्रशासन ने समाधान का आश्वासन दिया है, लेकिन लोगों ने बड़े आंदोलन की चेतावनी दी है.

Nawada News : नवादा जिले के रोह बाजार के सिउर रोड पर वर्षों से जारी जलजमाव की समस्या को लेकर बुधवार को स्थानीय लोगों का आक्रोश फूट पड़ा. करीब 10 वर्षों से जलभराव की परेशानी झेल रहे लोगों ने एक बार फिर सड़क पर उतरकर रोह चौक के मुख्य मार्ग को जाम कर दिया. प्रदर्शन के कारण कई घंटों तक दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह बाधित रहा.

17 दिन पहले भी हुआ था जाम, नहीं हुई कार्रवाई तो फिर उतरे लोग

स्थानीय लोगों ने बताया कि 17 दिन पहले भी जलजमाव की समस्या को लेकर सड़क जाम किया गया था. उस समय प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जल्द जलनिकासी और स्थायी समाधान का भरोसा दिया था. लेकिन समय बीतने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं होने से लोगों का धैर्य जवाब दे गया और उन्होंने दोबारा आंदोलन शुरू कर दिया.

एम्बुलेंस को दिया रास्ता, बाकी वाहन जाम में फंसे रहे

सड़क जाम के कारण रोह चौक पर कई घंटों तक आवागमन ठप रहा. हालांकि प्रदर्शनकारियों ने मानवता दिखाते हुए एम्बुलेंस को रास्ता देकर आगे जाने दिया. वहीं अन्य छोटे-बड़े वाहन जाम में फंसे रहे. इससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा.

बारिश के बाद सड़क बन जाती है तालाब, लोगों का चलना मुश्किल

प्रदर्शनकारियों सुरेश प्रसाद, प्रशांत कुमार, अवधेश कुमार, मुकेश कुमार, पंकज कुमार, राजेश कुमार, हीरा विश्वकर्मा, सोनू कुमार और सत्यम कुमार सहित अन्य लोगों ने बताया कि सिउर रोड पिछले एक दशक से जलजमाव की समस्या से जूझ रहा है. बारिश के बाद पूरी सड़क तालाब में बदल जाती है. आसपास के घरों से निकलने वाला गंदा पानी भी सड़क पर जमा रहता है, जिससे कीचड़ और दुर्गंध की समस्या बनी रहती है.

स्कूली बच्चों और महिलाओं को सबसे ज्यादा परेशानी

स्थानीय लोगों के अनुसार सड़क पर कई फीट तक पानी जमा रहने से पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है. सबसे ज्यादा परेशानी स्कूली बच्चों, छात्राओं, महिलाओं और बुजुर्गों को उठानी पड़ रही है. बच्चों के कपड़े और जूते गंदे हो जाते हैं, जबकि महिलाओं को भी काफी परेशानी के बीच इस रास्ते से गुजरना पड़ता है.

जलजमाव के कारण रोज हो रहे हादसे

लोगों का कहना है कि जलजमाव और फिसलन के कारण आए दिन बाइक सवार और टोटो चालक दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं. कई बार गड्ढों में वाहन फिसलकर पलट जाते हैं, जिससे लोग घायल हो चुके हैं. हाल ही में इसी सड़क पर जलजमाव के बीच टोटो पलटने की घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई थी, जिसके बाद लोगों का आक्रोश और बढ़ गया.

अधिकारियों ने समझाकर खत्म कराया जाम

सूचना मिलने के बाद रोह प्रखंड के बीडीओ, थाना पुलिस और अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने लोगों को समझाकर जाम समाप्त कराया. उन्होंने बताया कि सड़क निर्माण और जलनिकासी का काम पीडब्ल्यूडी या आरडब्ल्यूडी विभाग के अंतर्गत आता है. संबंधित विभाग के अधिकारियों से बात कर जल्द समाधान की दिशा में कार्रवाई की जाएगी.

स्थायी समाधान नहीं हुआ तो बड़े आंदोलन की चेतावनी

प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन को चेतावनी दी कि इस बार केवल आश्वासन से काम नहीं चलेगा. यदि जल्द जमीन पर काम शुरू नहीं हुआ तो इससे भी बड़ा आंदोलन किया जाएगा. लोगों का कहना है कि जलजमाव की समस्या का स्थायी समाधान नहीं होने तक उनका संघर्ष जारी रहेगा.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Vishal kumar

Published by: Vivek Singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >