Nawada News : वारिसलीगंज के युवा राजनीतिक विश्लेषक रवि पंडित को रूस में आयोजित इंटरनेशनल फेस्टिवल ऑफ यूथ 2026 के लिए अंतरराष्ट्रीय प्रतिभागी के रूप में आमंत्रित किया गया है. यह महोत्सव 11 से 17 सितंबर 2026 तक रूस के येकातेरिनबर्ग शहर में आयोजित होगा. इसमें विभिन्न देशों के युवा नेता, विशेषज्ञ और शोधकर्ता शामिल होंगे.
मैकेनिकल इंजीनियरिंग के साथ राजनीति और अंतरराष्ट्रीय संबंध की पढ़ाई
रवि पंडित प्रसिद्ध मूर्तिकार राजेंद्र पंडित एवं नगर परिषद वारिसलीगंज की पूर्व वार्ड पार्षद ललिता देवी के पुत्र हैं. उन्होंने मैकेनिकल इंजीनियरिंग की शिक्षा प्राप्त करने के साथ जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय, नई दिल्ली से राजनीति एवं अंतरराष्ट्रीय संबंध में उच्च शिक्षा हासिल की है. अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम के लिए उनका चयन क्षेत्र के लिए गौरव की बात मानी जा रही है.
लोकतांत्रिक भागीदारी और युवाओं की राजनीतिक सहभागिता पर काम
वर्तमान में रवि पंडित राजनीतिक सलाहकार के रूप में कार्यरत हैं. उनका कार्य लोकतांत्रिक भागीदारी, युवाओं की राजनीति में सहभागिता और वंचित समुदायों की राजनीतिक आवाज को मजबूत करने पर केंद्रित है.
हांगकांग और ऑस्ट्रेलिया में भी भारत का कर चुके हैं प्रतिनिधित्व
रवि पंडित इससे पहले वर्ष 2023 में हांगकांग में हार्वर्ड कॉलेज प्रोजेक्ट फॉर एशियन एंड इंटरनेशनल रिलेशंस एशिया कॉन्फ्रेंस में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं. इसके अलावा जून 2026 में ऑस्ट्रेलियन नेशनल यूनिवर्सिटी, कैनबरा में आयोजित एशिया पैसिफिक वीक 2026 में भी भारत का प्रतिनिधित्व किया था.
बोले रवि पंडित - भारत और बिहार के अनुभव साझा करना गौरव की बात
इंटरनेशनल फेस्टिवल ऑफ यूथ 2026 के लिए आमंत्रण मिलने पर रवि पंडित ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत और बिहार के अनुभवों को साझा करना गौरव की बात है. उनके चयन पर वारिसलीगंज के बुद्धिजीवियों, शिक्षाविदों एवं पत्रकारों ने खुशी जताई है.
Also Read : बक्सर के 19 पंचायतों में इबी गणना का काम पूरा, अब परिसीमन से बदलेंगे पंचायतों के समीकरण
