Nawada News: नवादा जिले के रोह थाना क्षेत्र के मनियोनचक गांव के समीप सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में टेंपो पलट जाने से एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य यात्री घायल हो गए. घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई.
बीमार बेटी से मिलकर घर लौट रही थीं शांति देवी
स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया. मृतका की पहचान कौआकोल बाजार निवासी 60 वर्षीय शांति देवी के रूप में हुई है. बताया जाता है कि वह हिसुआ में अपनी बीमार बेटी का हालचाल जानने गई थीं और मुलाकात के बाद टेंपो से अपने घर लौट रही थीं.
चालक का संतुलन बिगड़ने से हुआ हादसा
सफर के दौरान रोह थाना क्षेत्र के मनियोनचक गांव के समीप अचानक चालक का संतुलन बिगड़ने से टेंपो अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया. हादसे में शांति देवी गंभीर रूप से चोटिल हो गई थीं. फिलहाल, हादसे में घायल तीन अन्य लोगों का इलाज अस्पताल में चल रहा है और उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है.
