Nawada News: शिक्षक दिवस के अवसर पर बिहार स्टेट टीचर्स एसोसिएशन गोपगुट, नवादा के बैनर तले शनिवार को जिले के शिक्षकों ने विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलन किया. इस दौरान शिक्षकों ने सरकार और शिक्षा विभाग से अन्य राज्यकर्मियों की तरह सातवें वेतनमान (केंद्रीय वेतनमान) और पुरानी पेंशन योजना लागू करने की मांग की.
अन्य राज्यकर्मियों के समान सुविधाएं देने की मांग
संघ के जिलाध्यक्ष पंकज कुमार ने कहा कि सरकार ने शिक्षकों को राज्यकर्मी का दर्जा दिया है, लेकिन अन्य राज्यकर्मियों के समान सातवें वेतनमान समेत कई सुविधाओं का लाभ अभी नहीं मिल रहा है. इससे शिक्षकों में असंतोष है. उन्होंने शिक्षकों को ग्रेच्युटी, एसीपी और प्रमोशन समेत अन्य वंचित सुविधाओं का लाभ देने की मांग की.
मांगें नहीं मानीं तो पटना में आमरण अनशन की चेतावनी
संघ ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया, तो बिहार के सभी शिक्षक एकजुट होकर पटना में आमरण अनशन करने को बाध्य होंगे. शिक्षकों ने सरकार और शिक्षा विभाग से मांगों पर जल्द निर्णय लेने की अपील की.
आंदोलन में सैकड़ों शिक्षक रहे मौजूद
प्रदर्शन में जिला महासचिव नीरज कुमार, वरीय उपाध्यक्ष संतोष कुमार, सचिव बारीक खान, पप्पू कुमार, गोपाल प्रसाद, सनोज कुमार, सुधाकर कुमार, जितेंद्र कुमार, अजय कुमार, आलोक कुमार, तारिक हसन, मुजाहिद हुसैन, दिव्या कुमारी, विवेक भारती, प्रशांत कुमार, शकील अख्तर, अभय कुमार समेत सैकड़ों शिक्षक मौजूद रहे.
