नवादा के मेसकौर में बनेंगे 3 हजार नए राशन कार्ड, पंचायत स्तर पर भी मिलेगी आवेदन की सुविधा

नवादा के मेसकौर प्रखंड में पात्र परिवारों को जल्द ही राशन कार्ड उपलब्ध कराए जाएंगे। प्रशासन ने 3000 नए राशन कार्ड बनाने का लक्ष्य रखा है और इसके लिए ऑनलाइन के साथ-साथ ऑफलाइन आवेदन प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

Nawada News: मेसकौर प्रखंड में पात्र परिवारों को राशन कार्ड उपलब्ध कराने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है. बुधवार को प्रखंड कार्यालय सभागार में जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) से जुड़े राशन कार्ड निर्माण एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता रजौली एसडीओ स्वतंत्र कुमार सुमन ने की.

बैठक में बीडीओ अश्वनी कुमार, सीओ अमलेश कुमार, एमओ अजित कुमार, जीविका के बीपीएम, सभी पंचायतों के मुखिया, प्रखंड प्रमुख प्रतिनिधि, जन वितरण प्रणाली दुकानदार संघ के अध्यक्ष रौशन कुमार तथा सभी पीडीएस दुकानदार उपस्थित रहे.

तीन हजार नए राशन कार्ड बनाने का लक्ष्य

बैठक को संबोधित करते हुए एसडीओ स्वतंत्र कुमार सुमन ने कहा कि मेसकौर प्रखंड में लगभग 3 हजार नए राशन कार्ड बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. उन्होंने बताया कि पात्र परिवारों को राशन कार्ड उपलब्ध कराने के लिए अब ऑनलाइन के साथ-साथ ऑफलाइन आवेदन प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है, ताकि तकनीकी कारणों से कोई भी जरूरतमंद वंचित न रहे.

पंचायत स्तर पर भी मिलेगी आवेदन की सुविधा

एसडीओ ने बताया कि प्रत्येक पंचायत में डाटा ऑपरेटर की व्यवस्था की गई है, जहां लोग आवेदन भरने और जमा करने में सहायता प्राप्त कर सकते हैं. इससे ग्रामीणों को प्रखंड कार्यालय के बार-बार चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और आवेदन प्रक्रिया अधिक सरल होगी.

आवेदन के लिए ये दस्तावेज होंगे जरूरी

उन्होंने बताया कि आवेदन के साथ निम्नलिखित दस्तावेज संलग्न करना अनिवार्य होगा—

  • राशन कार्ड के मुखिया एवं परिवार के सभी सदस्यों का आधार कार्ड
  • मुखिया के बैंक खाते की पासबुक की छायाप्रति
  • मुखिया के नाम से निर्गत आय प्रमाण पत्र

इन सभी दस्तावेजों को प्रखंड कार्यालय अथवा संबंधित कार्यालय में जमा किया जा सकता है.

पात्र परिवारों तक योजना का लाभ पहुंचाने पर जोर

बीडीओ अश्वनी कुमार ने कहा कि पात्र लाभुकों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है. उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों और जन वितरण प्रणाली के दुकानदारों से अपील की कि वे योग्य परिवारों को आवेदन प्रक्रिया की जानकारी दें और सुनिश्चित करें कि कोई भी पात्र व्यक्ति राशन कार्ड से वंचित न रहे.

सत्यापन के बाद जारी होगा राशन कार्ड

एमओ अजित कुमार ने बताया कि प्राप्त आवेदनों का नियमानुसार सत्यापन किया जाएगा. पात्र पाए जाने वाले आवेदकों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत राशन कार्ड जारी किया जाएगा. उन्होंने लोगों से अपील की कि आवेदन करते समय सभी आवश्यक दस्तावेज सही एवं पूर्ण रूप से उपलब्ध कराएं, ताकि प्रक्रिया में किसी प्रकार की देरी न हो.

Also Read: बिहार में ऑनलाइन जुआ खेलने वालों की अब खैर नहीं, विधानसभा से नया कानून पास, दूसरी बार पकड़े गए तो 2 साल की सजा


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Vishal kumar

Published by: Vivek Ranjan

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >