नवादा अदालत परिसर में घूमता मिला सातवीं का छात्र, स्कूल से कट चुका था नाम, विधिक सेवा प्राधिकार ने कराया हस्तक्षेप

Nawada News : नवादा में सातवीं कक्षा के छात्र का स्कूल से नाम काटे जाने का मामला सामने आया है. जिला विधिक सेवा प्राधिकार ने छात्र का दोबारा नामांकन सुनिश्चित कराया.

Nawada News : पढ़ाई के समय व्यवहार न्यायालय परिसर में घूम रहे एक छात्र को देखकर जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव ने जब उससे पूछताछ की, तो चौंकाने वाला मामला सामने आया. सातवीं कक्षा में पढ़ने वाले छात्र का विद्यालय से नाम काट दिया गया था और आठवीं कक्षा में उसका नामांकन भी नहीं कराया गया था. मामले की जानकारी मिलते ही जिला विधिक सेवा प्राधिकार ने हस्तक्षेप करते हुए छात्र को दोबारा शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने की प्रक्रिया शुरू करायी.

ई-सेवा केंद्र के निरीक्षण के दौरान छात्र पर पड़ी नजर

जानकारी के अनुसार, जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव अरविन्द कुमार व्यवहार न्यायालय स्थित ई-सेवा केंद्र का औचक निरीक्षण कर रहे थे. इसी दौरान उन्होंने पढ़ाई के समय एक छात्र को अदालत परिसर में घूमते देखा. पूछताछ में छात्र की पहचान वारिसलीगंज थाना क्षेत्र के मसूदा गांव निवासी विक्की कुमार के रूप में हुई. छात्र ने बताया कि वह उत्क्रमित मध्य विद्यालय, वारिसलीगंज में सातवीं कक्षा में पढ़ता था. उसका नाम विद्यालय से काट दिया गया है और आठवीं कक्षा में उसका नामांकन नहीं कराया गया. छात्र के अनुसार, विद्यालय जाने पर उसे वापस घर भेज दिया जाता था.

माता-पिता को भी नहीं थी अदालत पहुंचने की जानकारी

मामले की जांच के दौरान यह भी सामने आया कि छात्र के माता-पिता को उसके न्यायालय परिसर में होने की जानकारी नहीं थी. वह अपने परिवार के किसी सदस्य के साथ भी नहीं था, बल्कि एक वयस्क व्यक्ति के साथ अदालत परिसर पहुंचा था. छात्र ने बताया कि उसके और उसके परिवार के खिलाफ कोई मुकदमा नहीं है और वह उक्त व्यक्ति के साथ न्यायालय परिसर आ गया था.

विधिक सेवा प्राधिकार ने तत्काल शुरू करायी नामांकन की प्रक्रिया

मामले को गंभीरता से लेते हुए सचिव अरविन्द कुमार ने तत्काल जिला बाल संरक्षण इकाई, नवादा के सहायक निदेशक को पत्र भेजकर छात्र का नामांकन कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया. इसकी सूचना जिला शिक्षा पदाधिकारी को भी दी गयी. प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार आशुतोष कुमार के निर्देश पर छात्र के आठवीं कक्षा में नामांकन की प्रक्रिया शुरू करायी गयी. संबंधित अधिकारियों को नामांकन की कार्रवाई सुनिश्चित कर इसकी सूचना जिला विधिक सेवा प्राधिकार को देने का निर्देश दिया गया.

स्कूल से बाहर बच्चों की नियमित निगरानी जरूरी

सचिव अरविन्द कुमार ने कहा कि स्कूल से बाहर हो चुके बच्चों पर नियमित निगरानी की जरूरत है. यह घटना इस ओर भी इशारा करती है कि विद्यालय से नाम कटने या पढ़ाई छूटने वाले बच्चों की समय-समय पर पहचान और निगरानी आवश्यक है. ऐसे बच्चों को समय रहते दोबारा शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना बेहद महत्वपूर्ण है, ताकि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे.

Also Read : सूखे नशे के खिलाफ चेरियाबरियारपुर में जागरूकता रैली, युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By विशाल कुमार

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >