ग्रामीण क्षेत्र में भी सात सार्वजनिक शौचालय बनेंगे, प्रत्येक पर 25 लाख होगें खर्च

NAWADA NEEWS.नवादा शहर के लोगों को अब सार्वजनिक शौचालय और पेयजल की बेहतर सुविधा मिलने वाली है. जिला प्रशासन ने शहर के व्यस्त स्थलों पर आधुनिक शौचालय निर्माण का काम शुरू कर दिया है. प्रजातंत्र चौक पर महिला और पुरुषों के लिए अलग-अलग शौचालय बनकर तैयार हो चुके हैं.

नवादा शहर में बन रहे आधुनिक शौचालय, अब मिलेगी पेयजल और स्वच्छता की सुविधा

प्रतिनिधि, नवादा नगर

नवादा शहर के लोगों को अब सार्वजनिक शौचालय और पेयजल की बेहतर सुविधा मिलने वाली है. जिला प्रशासन ने शहर के व्यस्त स्थलों पर आधुनिक शौचालय निर्माण का काम शुरू कर दिया है. प्रजातंत्र चौक पर महिला और पुरुषों के लिए अलग-अलग शौचालय बनकर तैयार हो चुके हैं. वहीं, सिविल कोर्ट के पास निर्माण कार्य जोर-शोर से चल रहा है. जल्द ही सद्भावना चौक और रेलवे स्टेशन के पास भी शौचालय की सुविधा उपलब्ध होगी. इस पहल से शहरवासियों, व्यापारियों और यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी, क्योंकि लंबे समय से स्वच्छ सार्वजनिक शौचालयों की कमी महसूस की जा रही थी.

बाजारों और हाटों में भी पहल

शहर के साथ-साथ ग्रामीण इलाकों के प्रमुख बाजारों और हाटों में भी जिला प्रशासन ने सार्वजनिक शौचालय और पेयजल की सुविधा उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है. डीएम रवि प्रकाश के निर्देश पर जिला खनिज फाउंडेशन से प्रथम चरण में सात शौचालयों की स्वीकृति दी गयी है. इनमें पकरीबरावां प्रखंड के पकरीबरावां बाजार और धमौल बाजार, नारदीगंज प्रखंड का पड़रिया बाजार, नरहट प्रखंड का शेखपुरा बाजार, रोह प्रखंड का रूपो बाजार, सिरदला प्रखंड का चमोथा बाजार और काशीचक प्रखंड का चण्डीनामा बाजार शामिल है.

शौचालयों के संचालन की जिम्मेदारी जीविका समूह की दीदियों की होगी

प्रत्येक शौचालय पर लगभग 25 लाख रुपये की लागत आयेगी. शौचालयों के संचालन की जिम्मेदारी जीविका समूह की दीदियों को सौंपी जायेगी, जो इसे सुलभ शौचालय की तर्ज पर चलायेंगी. न्यूनतम शुल्क लेकर इन शौचालयों की नियमित साफ-सफाई और रखरखाव सुनिश्चित किया जायेगा. इनमें महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग-अलग व्यवस्था होगी. साथ ही, महिलाओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सैनिटरी पैड डिस्पोज़ल मशीन भी लगायी जायेगी. इन सार्वजनिक शौचालयों में स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था भी की जायेगी. इसके लिए आरओ वॉटर कूलर लगाये जायेंगे, ताकि आम लोग बाजार और शहर में आसानी से ठंडा और सुरक्षित पानी पी सकें. इससे लोगों को स्वास्थ्य संबंधी लाभ भी मिलेगा और गर्मी के दिनों में परेशानी कम होगी.

जनहित में बड़ा कदम

नवादा प्रशासन की यह पहल न केवल स्वच्छता और स्वास्थ्य को बढ़ावा देगी, बल्कि इससे बाजारों और शहर की समग्र व्यवस्था भी और सुव्यवस्थित होगी. जीविका दीदियों को जिम्मेदारी मिलने से महिलाओं को रोजगार भी मिलेगा. स्थानीय नागरिकों का कहना है कि लंबे समय से शहर में सार्वजनिक शौचालयों की कमी एक बड़ी समस्या थी. अब प्रजातंत्र चौक, सिविल कोर्ट, सद्भावना चौक और स्टेशन जैसे व्यस्त स्थानों पर शौचालय बनने से हजारों लोगों को सुविधा होगी और नवादा शहर की छवि भी और बेहतर बनेगी.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By VISHAL KUMAR

VISHAL KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >