नवादा. समाहरणालय सभाकक्ष में मंगलवार को लघु जल संसाधन विभाग के मंत्री सह नवादा जिले के प्रभारी मंत्री डॉ संतोष कुमार सुमन की अध्यक्षता में ‘सेवा संकल्प अभियान’ एवं ‘सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान’ की तैयारियों की समीक्षा की गयी. बैठक में जिला पदाधिकारी रवि प्रकाश ने 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी पीपीटी के माध्यम से दी.
डीएम ने बताया कि अभियान का उद्देश्य जनभागीदारी के माध्यम से सेवा, समर्पण और सामाजिक सरोकार से जुड़े कार्यक्रमों को गति देना तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाना है. प्रभारी मंत्री ने सभी कार्यक्रमों में समाज के विभिन्न वर्गों और योजनाओं के लाभार्थियों की अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
‘आशीर्वाद का दीया’ से होगी अभियान की शुरुआत
17 सितंबर को शाम सात बजे ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित होगा. जिले के प्रमुख स्थलों के साथ अनुमंडल व प्रखंड मुख्यालय, पंचायत सरकार भवन, स्वास्थ्य केंद्र, विद्यालय, सामुदायिक भवन व टोला स्तर पर भी कार्यक्रम होंगे. पेंशनर, जीविका दीदी सहित विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को शामिल कर दीप प्रज्वलित कराया जायेगा.
स्कूलों में होंगी प्रतियोगिताएं, गांव-गांव पहुंचेगी बदलाव की कहानी
‘सेवा चित्र’ के तहत सरकारी व निजी विद्यालयों तथा कॉलेजों में ‘विकसित भारत एवं 25 वर्षों के सेवा कार्य’ विषय पर ड्रॉइंग व भाषण प्रतियोगिता होगी. वहीं ‘सेवा स्मरण’ के तहत संगीत एवं नुक्कड़ नाट्य के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं और बदलाव की कहानी गांव-गांव तक पहुंचायी जायेगी.
‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम 25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक आंगनबाड़ी केंद्रों पर होगा. इसमें पोषण, टीकाकरण, स्वास्थ्य व महिला-बाल कल्याण की जानकारी दी जायेगी. ‘कहानी बदलाव की’ के तहत सरकारी योजनाओं से लाभान्वित लोगों की प्रेरक कहानियों के वीडियो तैयार कर सोशल मीडिया पर प्रसारित किये जायेंगे.
सेवा गतिविधियों में छठ घाट की सफाई भी शामिल
‘सेवा ज्योति यात्रा’ में पदयात्रा, साइकिल व बाइक यात्रा के साथ माय भारत स्वयंसेवकों को जोड़ा जायेगा. ‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत स्वच्छता, वृक्षारोपण, स्वास्थ्य जांच, जल संरक्षण, सड़क सुरक्षा, साइबर सुरक्षा, नशामुक्ति और जनजागरूकता समेत 25 गतिविधियों में से स्थानीय जरूरत के अनुसार कार्यक्रम चुने जायेंगे.
प्रभारी मंत्री ने प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में कम से कम दो स्थान चिह्नित कर वास्तविक बदलाव दिखाने का निर्देश दिया. डीएम ने बताया कि मिर्जापुर व शोभिया मंदिर छठ घाट का चयन किया गया है.
6 अक्टूबर को लगेगा ‘सरकार आपके द्वार’ शिविर
‘सेवा सेतु अभियान सरकार आपके द्वार’ के तहत 6 अक्टूबर को प्रखंड स्तर पर शिविर लगाये जायेंगे. यहां सरकारी योजनाओं की जानकारी, पात्रता जांच, आवेदन और दस्तावेजी सहायता एक ही स्थान पर मिलेगी. मंत्री ने आवेदनों के त्वरित निष्पादन और पात्र लाभुकों को योजनाओं का लाभ दिलाने का निर्देश दिया.
31 मार्च 2027 तक चलेगा सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान
बैठक में 17 सितंबर 2026 से 31 मार्च 2027 तक चलने वाले ‘सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान’ की भी समीक्षा हुई. 17 सितंबर को विशेष ग्राम सभा आयोजित कर पुरानी परिसंपत्तियों के उन्नयन, मरम्मत तथा नयी आधारभूत संरचनाओं से संबंधित योजनाओं को प्राथमिकता से पारित कराने का निर्देश दिया गया. मौके पर सहायक समाहर्ता, अपर समाहर्ता, अनुमंडल लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी समेत अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी मौजूद थे.
