Nawada News : रजौली इंटर विद्यालय के मैदान में मंगलवार से शुरू हुआ परेड का पूर्वाभ्यास गुरुवार तक जारी रहा. उमस भरी गर्मी के बावजूद दर्जनों छात्र-छात्राएं अनुशासन और देशभक्ति के जोश के साथ कदम से कदम मिलाकर परेड करते नजर आये. पूर्वाभ्यास के अंतिम दिन एसडीएम स्वतंत्र कुमार सुमन और साइबर डीएसपी नवादा सह प्रभारी एसडीपीओ रजौली मो. शाहनवाज अख्तर ने संयुक्त रूप से परेड का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया. इस मौके पर रजौली थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर रणजीत कुमार भी मौजूद रहे.
अनुशासन और समन्वय पर रहा विशेष फोकस
परेड पूर्वाभ्यास की कमान सेवानिवृत्त प्राचार्य अनिल कुमार, प्रशिक्षक संजीव रंजन और कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की वार्डन रेखा कुमारी के हाथों में रही. प्रशिक्षकों ने बच्चों को मार्च-पास्ट, सलामी और कदमताल के बारीक गुर सिखाये. पूर्वाभ्यास के दौरान पुलिस बल की एक टुकड़ी भी मौजूद रही. वहीं स्वास्थ्य विभाग की ओर से डॉ. गुलाम अनीश के साथ एंबुलेंस और स्वास्थ्यकर्मी भी तैनात रहे.
12 विद्यालयों के 200 से अधिक बच्चों ने लिया हिस्सा
पूर्वाभ्यास में रजौली क्षेत्र के 12 विद्यालयों के लगभग 200 से अधिक छात्र-छात्राओं ने भाग लिया. इनमें इंटर विद्यालय रजौली, प्रोजेक्ट कन्या उच्च विद्यालय, कन्या मध्य विद्यालय, राजकीय मध्य विद्यालय, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, उत्क्रमित मध्य विद्यालय घसियाडीह, अंबेडकर आवासीय बालक विद्यालय, सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, डीएवी स्कूल, नेताजी सुभाष चंद्र बोस आवासीय विद्यालय चिरैला, साउथ सिटी इंटरनेशनल स्कूल और संत जोसेफ स्कूल शामिल हैं.
Also Read : औरंगाबाद डाक प्रमंडल ने निकाली प्रभात फेरी, ‘हर घर तिरंगा’ के लिए लोगों को किया जागरूक
राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान से गूंज उठा मैदान
पूर्वाभ्यास के दौरान उस समय माहौल देशभक्तिमय हो गया, जब कस्तूरबा बालिका आवासीय विद्यालय की छात्राओं ने एक स्वर में राष्ट्रीय गीत प्रस्तुत किया. वहीं प्रोजेक्ट कन्या उच्च विद्यालय की छात्राओं ने राष्ट्रगान का गायन किया. सरस्वती शिशु विद्या मंदिर के विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय धुन पर ड्रम बजाकर सबका ध्यान आकर्षित किया. ड्रम की थाप के साथ बच्चों के कदमताल में भी विशेष उत्साह देखने को मिला.
राजकीय समारोह में पहली बार होगा राष्ट्रीय गीत का गायन
एसडीएम के निर्देश पर राजकीय समारोह में राष्ट्रीय गीत का गायन कस्तूरबा बालिका आवासीय विद्यालय की छात्राओं द्वारा किया जायेगा, जबकि राष्ट्रगान प्रोजेक्ट कन्या उच्च विद्यालय की छात्राएं प्रस्तुत करेंगी. रजौली में राजकीय समारोह के दौरान पहली बार राष्ट्रीय गीत का गायन कराया जायेगा. इसे लेकर छात्र-छात्राओं और शिक्षकों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है.
पूर्वाभ्यास देखने जुटे सैकड़ों लोग
परेड पूर्वाभ्यास को देखने के लिए आसपास के क्षेत्रों से सैकड़ों लोग रजौली इंटर विद्यालय के मैदान में पहुंचे. छात्र-छात्राओं के अनुशासित मार्च-पास्ट, सलामी और ड्रम की धुन ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया. स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर रजौली में तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच गयी हैं.
Also Read : औरंगाबाद के मदनपुर में पीएम श्री अनुग्रह उच्च माध्यमिक विद्यालय के छात्रों ने निकाली तिरंगा यात्रा
