नवादा नगर परिषद क्षेत्र में सफाई व्यवस्था संभालने वाले संविदा पर बहाल सफाई कर्मियों का गुरुवार को वेतन भुगतान नहीं होने के विरोध में आक्रोश फूट पड़ा. दो माह से वेतन नहीं मिलने से परेशान कर्मियों ने सफाई एजेंसी के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए कामकाज ठप कर दिया. कर्मियों ने शहर में आक्रोश मार्च निकालकर एजेंसी के प्रति नाराजगी जतायी और बकाया वेतन का अविलंब भुगतान करने की मांग की.
सफाई कर्मियों का कहना है कि लगातार दो माह से उन्हें मेहनताना नहीं मिला है. इससे उनके सामने गंभीर आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है. पर्व के मौके पर भी वेतन नहीं मिलने से उनकी परेशानी और बढ़ गयी. कर्मियों ने स्पष्ट कहा कि जब तक उनका बकाया वेतन नहीं मिल जाता, तब तक वे काम पर वापस नहीं लौटेंगे.
बताया जाता है कि कुछ दिन पूर्व भी सफाई कर्मियों ने वेतन भुगतान की मांग को लेकर करीब चार दिनों तक काम ठप रखा था. उस समय सफाई एजेंसी की ओर से उनकी मांगों को पूरा करने और 25 अगस्त तक वेतन भुगतान करने का आश्वासन दिया गया था. कर्मियों के अनुसार 25 अगस्त की तिथि भी बीत गयी, लेकिन अब तक उनके खाते में वेतन की राशि नहीं पहुंची. इससे कर्मियों में आक्रोश और बढ़ गया.
गुरुवार को सफाई कर्मियों के काम बंद कर देने का असर शहर की सफाई व्यवस्था पर भी दिखा. कई स्थानों पर कचरा उठाव और सफाई का काम प्रभावित रहा. इससे आम लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा.
सफाई कर्मियों का कहना है कि वे नियमित रूप से शहर को स्वच्छ रखने का काम करते हैं, लेकिन समय पर वेतन नहीं मिलने से उनके परिवार के समक्ष भुखमरी जैसी स्थिति उत्पन्न हो रही है. कर्मियों ने चेतावनी दी कि बकाया भुगतान होने तक आंदोलन जारी रहेगा.
