Nawada News : रजौली में हरदिया पंचायत के पुरानी हरदिया समेत अन्य क्षेत्रों के दर्जनों स्वच्छताकर्मी कई महीनों से लंबित मानदेय के भुगतान की मांग को लेकर शुक्रवार को रजौली प्रखंड कार्यालय पहुंचे. गांव की गलियों की सफाई और घर-घर से कचरा उठाने का कार्य करने वाले कर्मियों ने आरोप लगाया कि उन्हें लंबे समय से नियमित मानदेय नहीं मिला है. इसके कारण उनके परिवार के समक्ष आर्थिक संकट गहरा गया है.
12 महीने से भुगतान नहीं मिलने का लगाया आरोप
प्रखंड कार्यालय पहुंचे हरदिया पंचायत के वार्ड संख्या तीन, नौ और 10 के सफाईकर्मियों तथा कचरा उठाने वाले ई-रिक्शा चालकों ने बताया कि वे प्रतिदिन पूरी निष्ठा के साथ कचरा उठाव और डंपिंग का कार्य करते हैं. सफाई कर्मी जीतेंद्र रविदास, बेबी देवी, बबली देवी, सनोज कुमार, सतीश राजवंशी, गणेश कुमार, पंकज राजवंशी, गणेश राजवंशी, चंद्रदेव मांझी, बाबूलाल राजवंशी, महेंद्र राजवंशी और बब्लू राजवंशी समेत अन्य कर्मियों ने कहा कि पिछले 12 महीनों से उनका मानदेय नहीं मिला है. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि इससे पहले भी उन्हें आंशिक या कटौती के बाद ही भुगतान किया गया था.
मुखिया पर टालमटोल का आरोप
स्वच्छताकर्मियों ने कहा कि जब भी वे पंचायत के मुखिया पिंटू साव या स्थानीय प्रतिनिधियों से बकाया राशि की मांग करते हैं, तो उन्हें केवल "जल्द भुगतान हो जाएगा" कहकर टाल दिया जाता है. लगातार आश्वासन मिलने के बावजूद अब तक भुगतान नहीं होने से उनके सामने परिवार के भरण-पोषण का संकट उत्पन्न हो गया है.
बीडीओ ने जल्द भुगतान का दिया भरोसा
मामले में रजौली के बीडीओ संजीव झा ने बताया कि जनवरी माह से स्वच्छताकर्मियों का मानदेय बकाया है. उन्होंने कहा कि लंबित भुगतान को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तेजी से कार्रवाई की जा रही है. सभी आवश्यक कागजी और तकनीकी प्रक्रियाएं पूरी होते ही स्वच्छताकर्मियों के बकाये मानदेय का भुगतान जल्द कर दिया जाएगा.
