Nawada News : नवादा जिले के अकबरपुर प्रखंड में लगातार बिजली कटौती और कम वोल्टेज की समस्या के विरोध में पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत रविवार को अकबरपुर चौक पर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) किसान प्रकोष्ठ के बैनर तले धरना-प्रदर्शन किया गया. कार्यक्रम का नेतृत्व किसान प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष दीपक कुमार चौधरी ने किया. धरने में बड़ी संख्या में किसान, युवा और स्थानीय ग्रामीण शामिल हुए.
किसानों और विद्यार्थियों की परेशानी का उठाया मुद्दा
धरने को संबोधित करते हुए किसान प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष दीपक कुमार चौधरी ने कहा कि पचरुखी सहित अकबरपुर प्रखंड के कई गांवों में लंबे समय से बिजली कटौती और कम वोल्टेज की समस्या बनी हुई है. इसके कारण किसानों को सिंचाई में कठिनाई हो रही है, विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है और आम लोगों का जनजीवन भी अस्त-व्यस्त है. उन्होंने कहा कि कई बार विद्युत विभाग को आवेदन देने के बावजूद स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ है.
फतेहपुर पावरग्रिड की तकनीकी खामियां दूर करने की मांग
प्रदर्शनकारियों ने फतेहपुर पावरग्रिड की तकनीकी खामियों को दूर कर क्षेत्र में निर्बाध और पर्याप्त वोल्टेज के साथ बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की. उनका कहना था कि नियमित और गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति जनहित के लिए आवश्यक है.
समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन होगा तेज
धरना-प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही बिजली संबंधी समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा.
कई किसान और ग्रामीण रहे मौजूद
धरना-प्रदर्शन में किसान प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष दीपक कुमार चौधरी के साथ अशोक चौधरी, अशोक कुमार, पवन कुमार, करण सक्सेना, सुजीत कुमार सहित बड़ी संख्या में किसान और ग्रामीण मौजूद रहे. सभी ने एक स्वर में विद्युत विभाग से तत्काल प्रभावी कार्रवाई कर क्षेत्र में नियमित और बेहतर बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की.
Also Read : वारिसलीगंज के हरिओम कुमार ने असिस्टेंट प्रोफेसर परीक्षा में पाई सफलता, क्षेत्र का बढ़ाया मान
