Nawada News : रजौली अंचल कार्यालय परिसर स्थित प्रखंड सभागार में शनिवार को अंचलाधिकारी मो. गुफरान मजहरी के नेतृत्व में जनता दरबार का आयोजन किया गया. इसमें रैयती भूमि से जुड़े विवादों की सुनवाई की गई और दोनों पक्षों की मौजूदगी में चार मामलों का अंचल स्तर पर निपटारा किया गया.
जनता दरबार में पहुंचे चार भूमि विवाद
अंचलाधिकारी ने बताया कि प्रत्येक शनिवार को अंचल कार्यालय में रैयती भूमि विवादों के निपटारे के लिए जनता दरबार लगाया जाता है. शनिवार को आयोजित जनता दरबार में कुल चार मामले आए. इनमें टकुआटांड़ निवासी मनोज साव का विवाद रामदासी निवासी गोपाल प्रसाद, डुमरकोल निवासी गिरजा देवी का विवाद हुलास यादव, बोधी यादव व पुनीत यादव, फरका बुजुर्ग निवासी उमेश यादव व कुलदीप यादव का विवाद सुरेश यादव व उमेश यादव तथा सिरोडावर निवासी अनीता कुमारी का विवाद हरदिया निवासी गिरीश यादव व कुसुम देवी के साथ था.
दोनों पक्षों की मौजूदगी में मामलों का निष्पादन
अंचलाधिकारी ने बताया कि चारों मामलों में संबंधित दोनों पक्षों के लोगों की मौजूदगी में सुनवाई की गई. इसके बाद अंचल स्तर से सभी विवादों का निपटारा कर दिया गया. उन्होंने कहा कि जनता दरबार के माध्यम से भूमि विवादों का समाधान पारदर्शी तरीके से और कानून के दायरे में रहकर किया जा रहा है.
भूमि विवाद को लेकर तनाव से बचने की अपील
जनता दरबार के बाद अंचलाधिकारी ने लोगों से अपील की कि जमीन को लेकर आपस में तनाव, मारपीट और झगड़ा नहीं करें. यदि किसी तरह का भूमि विवाद है तो उसे सीधे जनता दरबार में लाएं. उन्होंने कहा कि यहां पारदर्शी तरीके से और कानून के दायरे में रहकर मामलों का निष्पादन किया जाएगा.
गांव स्तर पर विवाद सुलझाने पर जोर
अंचलाधिकारी ने कहा कि सरकार की मंशा है कि छोटे-छोटे भूमि विवाद गांव में ही सुलझ जाएं, ताकि आपसी सौहार्द बना रहे और विवाद बड़े रूप में न बदलें. मौके पर अंचल उर्दू अनुवादक पिंकी कुमारी के अलावा गृह रक्षक के जवान मौजूद रहे.
Also Read : सूखे नशे के खिलाफ चेरियाबरियारपुर में जागरूकता रैली, युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश
