रजौली: एनएच-20 सर्विस रोड पर ई-रिक्शा पलटने से 4 घायल, एक की हालत गंभीर; नाबालिग चालक के संचालन पर उठे सवाल

रजौली एनएच-20 पर ई-रिक्शा पलटने से 4 लोग घायल हो गए। नाबालिग और बिना लाइसेंस के ई-रिक्शा चलाने को लेकर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है।

Nawada Minor Driver : नवादा जिले के रजौली में एनएच-20 के सर्विस रोड पर शुक्रवार की देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ. तेज रफ्तार ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट गया. इस दुर्घटना में चालक समेत चार लोग घायल हो गए. हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भीड़ जुट गई. घायलों में एक की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसका इलाज जारी है.

जानवर को बचाने के प्रयास में हुआ हादसा

मिली जानकारी के अनुसार, ई-रिक्शा पर सवार लोग फतेहपुर से अंधरवारी की ओर लौट रहे थे. इसी दौरान रास्ते में अचानक एक जानवर सामने आ गया. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, चालक ने जानवर को बचाने की कोशिश की, लेकिन इसी चक्कर में वह वाहन पर नियंत्रण खो बैठा.

देखते ही देखते ई-रिक्शा सर्विस रोड पर पलट गया. हादसा इतना तेज था कि मौके पर ही चीख-पुकार मच गई. आसपास के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे और घायलों को संभालने में जुट गए.

दो लोग मौके से चले गए, चालक अस्पताल में भर्ती

बताया जा रहा है कि हादसे के बाद ई-रिक्शा पर सवार दो लोग तुरंत वहां से निकलकर अकबरपुर की ओर चले गए. वहीं चालक को परिजनों ने इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया.

सैलून कर्मी संजय शर्मा की हालत गंभीर

इस दुर्घटना में अंधरवारी निवासी देवकी ठाकुर के पुत्र संजय शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. संजय फतेहपुर में एक सैलून में काम करते हैं और रोज शाम को काम खत्म कर घर लौटते थे.

अनुमंडलीय अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात डॉ श्याम नंदन प्रसाद ने बताया कि संजय के दोनों हाथों और सिर में गंभीर चोटें आई हैं. सिर फटने की वजह से उन्हें काफी खून बहा है. प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें निगरानी में रखा गया है.

घायल के परिजन प्रमोद प्रसाद ने बताया कि शुक्रवार शाम को भी संजय रोज की तरह काम खत्म कर घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में यह हादसा हो गया. एनएचआई की एंबुलेंस की मदद से उन्हें रजौली अस्पताल पहुंचाया गया.

बिना लाइसेंस चालक पर उठे सवाल

हादसे के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी गई. लोगों का कहना है कि इलाके में कई नाबालिग और बिना लाइसेंस के युवक ई-रिक्शा चला रहे हैं. न तो उनकी जांच होती है और न ही कोई सख्ती दिखाई जाती है.

ग्रामीणों का आरोप है कि इसी लापरवाही के कारण इस मार्ग पर आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं. लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे चालकों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जाए.

पुलिस ने कही यह बात

थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर रणजीत कुमार ने बताया कि पुलिस द्वारा नियमित रूप से वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है. उन्होंने कहा कि पुलिस टीम को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की जाए.

उन्होंने यह भी बताया कि इस मामले में अभी तक कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है. आवेदन मिलते ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है.

रजौली में हुआ यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा को लेकर बड़े सवाल खड़े करता है. लापरवाही और नियमों की अनदेखी किस तरह जानलेवा बन सकती है, यह इस घटना से साफ दिख रहा है. अब जरूरत है कि प्रशासन सख्ती दिखाए ताकि ऐसे हादसों पर लगाम लगाई जा सके.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Kr manish dev

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >