Nawada News : बिहार में पूर्ण शराबबंदी को लेकर चलाये जा रहे अभियान के तहत उत्पाद विभाग की टीम ने रजौली थाना क्षेत्र के बिहार-झारखंड सीमावर्ती इलाके में बड़ी कार्रवाई की है. चितरकोली स्थित समेकित जांच चौकी पर उत्पाद विभाग की टीम ने शराब से भरी एक लग्जरी कार को जब्त करते हुए चालक सह तस्कर को गिरफ्तार किया है. कार में गुप्त तहखाना बनाकर शराब छिपायी गयी थी. जब्त शराब की कुल मात्रा 124.20 लीटर बतायी गयी है.
गुप्त तहखाने में छिपाकर रखी थी शराब
उत्पाद अधीक्षक गणेश चंद्रा ने बताया कि मद्यनिषेध कानून के तहत समेकित जांच चौकी पर 24 घंटे छोटी-बड़ी सभी गाड़ियों की सघन जांच की जा रही है. इसी क्रम में रविवार को पश्चिम बंगाल नंबर की स्विफ्ट कार संख्या WB38U5009 को जांच के लिए रोका गया. तलाशी के दौरान उत्पाद विभाग की टीम को कार की डिक्की और सीट के नीचे बनाये गये गुप्त तहखाने में भारी मात्रा में शराब छिपाकर रखे होने की जानकारी मिली.
ऑफिसर्स चॉइस और रॉयल स्टैग शराब बरामद
गुप्त तहखाने की तलाशी लेने पर पश्चिम बंगाल में निर्मित टेट्रा पैक में बंद ऑफिसर्स चॉइस और बोतलों में बंद रॉयल स्टैग ब्रांड की विदेशी शराब बरामद की गयी. उत्पाद विभाग के अनुसार बरामद शराब की कुल मात्रा 124.20 लीटर है. शराब के साथ तस्करी में इस्तेमाल की जा रही लग्जरी कार को भी जब्त कर लिया गया है.
नालंदा का युवक गिरफ्तार
इस मामले में कार चालक को भी गिरफ्तार किया गया है. गिरफ्तार तस्कर की पहचान नालंदा जिले के सोहसराय थाना क्षेत्र के मोगलकुआं गांव निवासी लल्लन पासवान के पुत्र राहुल पासवान के रूप में हुई है. उत्पाद विभाग की टीम गिरफ्तार युवक से पूछताछ कर रही है.
चांद नामक व्यक्ति ने दी थी शराब की खेप
पूछताछ के दौरान गिरफ्तार राहुल पासवान ने उत्पाद विभाग को बताया कि शराब की यह खेप उसे चांद नामक व्यक्ति ने दी थी. उसे शराब की खेप बिहार के अंदर पहुंचानी थी. उत्पाद अधीक्षक गणेश चंद्रा ने बताया कि राहुल के बयान के आधार पर चांद नामक व्यक्ति की पहचान और शराब तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है.
सीमावर्ती क्षेत्र में 24 घंटे निगरानी
उत्पाद विभाग के अधिकारियों के अनुसार चितरकोली समेकित जांच चौकी पर शराब तस्करी रोकने के लिए 24 घंटे वाहनों की जांच की जा रही है. सीमावर्ती क्षेत्र होने के कारण छोटी-बड़ी सभी गाड़ियों पर विशेष नजर रखी जा रही है. जब्त शराब और लग्जरी कार को जांच चौकी परिसर में रखा गया है.
कार्रवाई में उत्पाद विभाग के अधिकारी और जवान रहे मौजूद
कार्रवाई के दौरान उत्पाद एएसआई पंकज कुमार, एएसआई विश्वजीत कुमार समेत गृहरक्षक के जवान मौजूद थे. उत्पाद अधीक्षक ने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों में शराब की तस्करी रोकने के लिए विभाग पूरी तरह मुस्तैद है. शराब तस्करी के खिलाफ आगे भी लगातार जांच और छापेमारी अभियान जारी रहेगा.
Also Read : PHOTOS: औरंगाबाद में बच्चों ने इस प्रकार मनाया 'विश्व आदिवासी दिवस'
