रजौली के कस्तूरबा विद्यालय और एएनएम कॉलेज में सुरक्षा व्यवस्था की जांच, प्रशासन ने दिये सख्त निर्देश

पटना उच्च न्यायालय के निर्देशों के आलोक में रजौली के कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय और एएनएम कॉलेज में छात्राओं की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए प्रशासन ने एक संयुक्त टीम गठित की है. निरीक्षण में सुरक्षा खामियों को चिह्नित कर सख्त कदम उठाए गए हैं.

Girls School Security: पटना उच्च न्यायालय और वरीय पुलिस अधिकारियों के निर्देशों के आलोक में रजौली अनुमंडल क्षेत्र स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय और एएनएम कॉलेज में छात्राओं की सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त करने की पहल शुरू की गयी है. अनुमंडल पदाधिकारी स्वतंत्र कुमार सुमन के नेतृत्व में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मो. शाहनवाज अख्तर, अंचल अधिकारी मो. गुफरान मजहरी, थानाध्यक्ष रणजीत कुमार तथा अग्निशमन और विद्युत विभाग के अधिकारियों की संयुक्त टीम ने दोनों संस्थानों का औचक निरीक्षण किया. टीम ने छात्रावास और संस्थान में उपलब्ध सुरक्षा इंतजामों का बारीकी से जायजा लिया.

विरोध-प्रदर्शन और अप्रिय घटना के बाद बढ़ी प्रशासनिक सतर्कता

बीते दिनों एएनएम कॉलेज की छात्राओं ने कुव्यवस्था के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन किया था. इसके अलावा एक छात्रा के साथ हुई अप्रिय वारदात के बाद स्थानीय लोगों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता देखी गयी थी. इसी के मद्देनजर प्रशासन की ओर से संस्थानों में सुरक्षा मानकों की जांच की गयी.

सीसीटीवी, बाउंड्री वॉल और विद्युत वायरिंग की हुई जांच

निरीक्षण के दौरान संयुक्त टीम ने सीसीटीवी कैमरों, बाउंड्री वॉल, विद्युत वायरिंग और आपातकालीन निकास समेत कई महत्वपूर्ण सुरक्षा मानकों की जांच की. संस्थानों में सुरक्षा व्यवस्था से जुड़ी कमियों को भी चिह्नित किया गया.

24 घंटे वार्डन की तैनाती के निर्देश

एसडीओ स्वतंत्र कुमार सुमन ने कहा कि छात्राओं की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है. उन्होंने संस्थानों में चौबीसों घंटे वार्डन की अनिवार्य तैनाती, विजिटर रजिस्टर का सख्ती से रखरखाव और अनधिकृत प्रवेश पर पूरी तरह रोक लगाने का निर्देश दिया.

रात में बाहरी पुरुषों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध

प्रशासन ने रात के समय हॉस्टल परिसर में किसी भी बाहरी पुरुष के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का निर्देश दिया है. इसके साथ ही संस्थान में कार्यरत सभी कर्मचारियों का अनिवार्य पुलिस सत्यापन कराने और अग्निशमन विभाग से एनओसी प्राप्त करने के आदेश भी दिये गये हैं.

जिला अधिकारी को भेजी जा रही विस्तृत रिपोर्ट

निरीक्षण के दौरान सामने आयी कमियों और सुरक्षा व्यवस्था में सुधार से संबंधित विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जा रही है. इसे नवादा जिला अधिकारी को भेजा जायेगा. प्रशासन का कहना है कि सुरक्षा मानकों में लापरवाही बरतने वाले प्रबंधनों के खिलाफ त्वरित और सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जायेगी.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By कुमार मनीष देव

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >