Nawada News : बिहार सरकार के सात निश्चय-3 के तहत संचालित 'सबका सम्मान-जीवन आसान' अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को जिले के सभी सरकारी कार्यालयों में साप्ताहिक जनसुनवाई आयोजित की गई. जिला पदाधिकारी रवि प्रकाश के निर्देश पर ग्राम पंचायत से लेकर जिला स्तर तक आयोजित जनसुनवाई में आम लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया और उनके समाधान की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की गई.
जिला स्तरीय जनसुनवाई में दर्ज हुईं 40 शिकायतें
समाहरणालय सभाकक्ष में आयोजित जिला स्तरीय जनसुनवाई की अध्यक्षता जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी शम्भू शरण पाण्डेय ने की. इस दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने कुल 40 शिकायतें दर्ज कराईं. इनमें से कई मामलों का मौके पर ही निष्पादित कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों को जांच एवं नियमानुसार कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को भेज दिया गया.
पुल निर्माण, नल-जल, अतिक्रमण और अनुकंपा नियुक्ति के मामले उठे
जनसुनवाई के दौरान रोह थाना क्षेत्र के बड़ैल गांव निवासी आनंद कुमार आर्य ने पुल निर्माण की मांग की. पकरीबरावां थाना क्षेत्र के मोहन बिगहा निवासी सुरेंद्र चौधरी ने नल-जल योजना से संबंधित समस्या रखी. वहीं सदर थाना क्षेत्र के नवीन नगर निवासी शशि भूषण ने अतिक्रमण हटाने की मांग की. कौआकोल थाना क्षेत्र के दरवां गांव की गुड़िया कुमारी ने अनुकंपा नियुक्ति से संबंधित आवेदन सौंपा. इसके अलावा विभिन्न विभागों से जुड़ी अन्य कई शिकायतें भी अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत की गईं.
समयबद्ध और पारदर्शी निष्पादन का निर्देश
जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी शम्भू शरण पाण्डेय ने संबंधित अधिकारियों को सभी मामलों का समयबद्ध, पारदर्शी एवं नियमानुसार निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि आम नागरिकों को सरकारी सेवाओं का लाभ बिना अनावश्यक परेशानी के उपलब्ध कराया जाना प्रशासन की प्राथमिकता है.
सभी स्तरों पर हुई जनसुनवाई
जिला प्रशासन के अनुसार, नवादा सदर और रजौली अनुमंडल सहित जिले के सभी ग्राम पंचायत, थाना, अंचल, प्रखंड, अनुमंडल एवं जिला स्तरीय सरकारी कार्यालयों में भी साप्ताहिक जनसुनवाई का सफल आयोजन किया गया. प्राप्त शिकायतों के समाधान के लिए संबंधित विभागों द्वारा आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी गई.
Also Read : अपराध नियंत्रण को लेकर एसपी ने की समीक्षा बैठक, थानाध्यक्षों को त्वरित कार्रवाई के दिए निर्देश
