नवादा में ‘सहयोग शिविर’ से ग्रामीणों को एक जगह मिल रहा सरकारी योजनाओं का लाभ, 30 दिनों में होगा आवेदनों का निपटारा

पंचायतों से लेकर नगर निकायों के वार्डों तक लगा शिविर, लाभुकों को मिले राशन कार्ड व स्वीकृति पत्र

Nawada News : आम लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान करने और सरकारी योजनाओं का लाभ एक ही जगह उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मंगलवार को नवादा जिलेभर में सहयोग शिविर का आयोजन किया गया. नवादा सदर प्रखंड की खरांट पंचायत में आयोजित शिविर का शुभारंभ जिला पदाधिकारी रवि प्रकाश ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया. शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण अपनी समस्याएं और आवेदन लेकर पहुंचे.

गांव में ही मिल रही सरकारी सेवाओं की सुविधा

डीएम रवि प्रकाश ने कहा कि बिहार सरकार की यह पहल आम नागरिकों को विभिन्न सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ उनके गांव और वार्ड में ही उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है. उन्होंने बताया कि प्रत्येक माह के प्रथम और तृतीय मंगलवार को पंचायतों और नगर निकायों के वार्डों में सहयोग शिविर आयोजित किये जा रहे हैं, ताकि लोगों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें.

सहयोग पोर्टल पर भी दर्ज कर सकते हैं शिकायत

डीएम ने बताया कि नागरिक अपनी शिकायत या आवेदन ‘सहयोग पोर्टल’ के माध्यम से ऑनलाइन भी दर्ज करा सकते हैं. प्राप्त आवेदनों का अधिकतम 30 दिनों के भीतर निष्पादन सुनिश्चित किया जायेगा. उन्होंने अधिकारियों और कर्मियों को संवेदनशीलता, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ निर्धारित समय सीमा में समस्याओं का समाधान करने का निर्देश दिया.

लाभुकों को बांटे राशन कार्ड और पेंशन स्वीकृति पत्र

खरांट पंचायत में आयोजित शिविर के दौरान डीएम ने लाभुकों के बीच राशन कार्ड, सामाजिक सुरक्षा पेंशन के स्वीकृति पत्र और जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र वितरित किये. इससे लाभुकों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में सुविधा मिलेगी.

13 प्रखंडों में भी लगा शिविर

जिले के सिरदला, गोविंदपुर, पकरीबरावां, कौआकोल, अकबरपुर, वारिसलीगंज, रजौली, नरहट, हिसुआ, मेसकौर, रोह, नारदीगंज और काशीचक प्रखंडों में भी सहयोग शिविर आयोजित किये गये. इसके अलावा विभिन्न नगर निकायों के वार्डों में भी लोगों से आवेदन लिये गये और पात्र लाभुकों को योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया गया.

शिविर में जिला एवं प्रखंड स्तर के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, पंचायत प्रतिनिधि, कर्मी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Bablu kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >