Nawada News : विश्व जनसंख्या पखवाड़ा के तहत 11 से 31 जुलाई तक राजेंद्र मेमोरियल महिला महाविद्यालय (आरएमडब्ल्यू कॉलेज) में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं. प्राचार्य डॉ. विनोद कुमार के निर्देशानुसार राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) एवं सेहत केंद्र की नोडल पदाधिकारी डॉ. नंदिता के नेतृत्व में छात्राओं के बीच कई गतिविधियों का आयोजन किया गया.
जागरूकता रैली के माध्यम से दिया जनसंख्या नियंत्रण का संदेश
कार्यक्रम की शुरुआत जागरूकता रैली से हुई. रैली के माध्यम से छात्राओं ने जनसंख्या नियंत्रण के महत्व और बढ़ती जनसंख्या से उत्पन्न होने वाली समस्याओं के प्रति लोगों को जागरूक किया. इस दौरान छात्राओं ने जनसंख्या नियंत्रण से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी साझा की और लोगों को जागरूक रहने का संदेश दिया.
'जनसंख्या विस्फोट : चुनौती एवं समाधान' विषय पर हुई संगोष्ठी
कार्यक्रम के दूसरे चरण में महाविद्यालय में 'जनसंख्या विस्फोट : चुनौती एवं समाधान' विषय पर संगोष्ठी आयोजित की गई. इसमें विभिन्न वक्ताओं ने बढ़ती जनसंख्या के सामाजिक, आर्थिक और पर्यावरणीय प्रभावों पर अपने विचार व्यक्त किए.
जनसंख्या वृद्धि आर्थिक विकास में बड़ी बाधा : डॉ. आरती रानी शाह
संगोष्ठी को संबोधित करते हुए डॉ. आरती रानी शाह ने कहा कि सीमित संसाधनों और लगातार बढ़ती जनसंख्या के कारण गरीबी, बेरोजगारी, भुखमरी तथा पर्यावरण क्षरण जैसी गंभीर समस्याएं उत्पन्न हो रही हैं. उन्होंने कहा कि ये चुनौतियां देश के आर्थिक विकास में बड़ी बाधा बन रही हैं, जिनका सामूहिक प्रयास से समाधान करना आवश्यक है.
लड़कियों की शिक्षा और परिवार नियोजन पर दिया जोर
प्राचार्य डॉ. विनोद कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि जनसंख्या विस्फोट की चुनौती का समाधान शिक्षा, विशेषकर बालिकाओं की शिक्षा को बढ़ावा देकर किया जा सकता है. उन्होंने परिवार नियोजन को प्रोत्साहित करने तथा विवाह की आयु बढ़ाने की आवश्यकता पर भी बल दिया.
वाद-विवाद प्रतियोगिता में छात्राओं ने दिखाया उत्साह
कार्यक्रम के अंतर्गत लीगल लिटरेसी क्लब की नोडल पदाधिकारी डॉ. वसुंधरा कुमारी के निर्देशन में 'जनसंख्या वृद्धि : वरदान या अभिशाप' विषय पर वाद-विवाद प्रतियोगिता आयोजित की गई. प्रतियोगिता में छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपने विचार प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किए.
शिक्षकों, कर्मचारियों और छात्राओं का रहा सराहनीय सहयोग
कार्यक्रम को सफल बनाने में महाविद्यालय के सभी शिक्षक, शिक्षकेत्तर कर्मचारी तथा छात्राओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही. आयोजकों ने सभी प्रतिभागियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया.
Also Read : आधे घंटे की बारिश में डूबे दाउदनगर के दोनों राष्ट्रीय राजमार्ग, जल निकासी व्यवस्था की खुली पोल
