Nawada News : नवादा जिले में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाने और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है. बुधवार को जिला पदाधिकारी रवि प्रकाश की अध्यक्षता में समाहरणालय सभाकक्ष में आयोजित जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में एनएच-20 के सर्विस रोड पर अवैध पार्किंग करने वाले बस और भारी वाहन संचालकों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने का निर्णय लिया गया. डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ चालान के साथ दंडात्मक कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाए.
NH-20 सर्विस रोड से हटेगा अतिक्रमण, हिसुआ चौक पर चलेगा विशेष अभियान
बैठक में जिला परिवहन पदाधिकारी और पुलिस उपाधीक्षक (यातायात) को निर्देश दिया गया कि एनएच-20 और सर्विस रोड पर अवैध पार्किंग एवं अतिक्रमण के खिलाफ संयुक्त अभियान चलाया जाए. संबंधित थाना, अंचलाधिकारी और अतिरिक्त पुलिस बल की सहायता से अतिक्रमण हटाया जाएगा. इसके अलावा दुर्घटना संभावित स्थानों पर जरूरत के अनुसार स्पीड ब्रेकर भी बनाए जाएंगे. डीएम ने हिसुआ चौक का संयुक्त निरीक्षण कर सड़क पर खड़े बसों और भारी वाहनों पर चालान काटने तथा नवनिर्मित हिसुआ बस स्टैंड से जल्द बस परिचालन शुरू कराने का निर्देश दिया.
स्कूल वाहनों के लिए जारी हुए सख्त सुरक्षा निर्देश
बैठक में डीएम ने सभी स्कूल वाहनों में स्पीड गवर्नर, जीपीएस, व्हीकल लोकेशन ट्रैकिंग डिवाइस, पैनिक बटन और रेट्रो रिफ्लेक्टिव टेप अनिवार्य रूप से लगाने का निर्देश दिया. 14 सीटर से अधिक क्षमता वाले वाहनों में सीसीटीवी कैमरा और प्रशिक्षित परिचारक रखना भी अनिवार्य होगा. निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों को ले जाने वाले वाहनों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
42 स्कूलों और 62 वाहनों पर हो चुकी कार्रवाई
जिला परिवहन पदाधिकारी रंजीत कुमार ने बैठक में बताया कि मई से जुलाई 2026 के बीच मोटर वाहन नियमों के उल्लंघन के मामलों में 42 विद्यालयों और 62 स्कूल वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई की जा चुकी है. बैठक में यातायात डीएसपी अभिषेक कुमार, एमवीआई तथा संबंधित विभागों के अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे.
