नवादा के पकरीबरावां में सड़क जाम मामले में कार्रवाई, 23 नामजद समेत 150 अज्ञात लोगों पर एफआईआर दर्ज

फ़ोटोकैप्शन-सीओ कार्यालय के पास लगी फरियादियो की भीड़

पकरीबरावां. थाना क्षेत्र में सात वर्षीय छात्रा के साथ दुष्कर्म एवं हत्या की घटना के विरोध में किए गए सड़क जाम मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 23 नामजद और करीब 150 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है. पकरीबरावां थानाध्यक्ष रंजन चौधरी ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है.

वीडियो और फोटो के आधार पर हो रही पहचान

थानाध्यक्ष ने बताया कि सड़क जाम के दौरान मुख्य मार्ग पूरी तरह बाधित हो गया था, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आम लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा. पुलिस वीडियो फुटेज, फोटोग्राफ और अन्य साक्ष्यों के आधार पर घटना में शामिल लोगों की पहचान कर रही है. जांच में जिन लोगों की संलिप्तता सामने आएगी, उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

छात्रा हत्याकांड के विरोध में किया गया था प्रदर्शन

गौरतलब है कि लखनपुरा गांव की सात वर्षीय छात्रा के साथ दुष्कर्म एवं हत्या की घटना के बाद परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो गए थे. बड़ी संख्या में लोगों ने पकरीबरावां-वारिसलीगंज मुख्य मार्ग को जाम कर प्रदर्शन किया था. प्रदर्शनकारियों ने मुख्य आरोपित की जल्द गिरफ्तारी, कड़ी सजा, पीड़ित परिवार को मुआवजा और क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार पर रोक लगाने की मांग की थी.

मुख्य आरोपित गिरफ्तार, दोनों मामलों की अलग-अलग जांच

पुलिस ने छात्रा हत्याकांड के मुख्य आरोपित को घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. पुलिस का कहना है कि हत्याकांड और सड़क जाम, दोनों मामलों की अलग-अलग जांच की जा रही है. एक ओर हत्या के मामले में वैज्ञानिक और विधिक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर कानून-व्यवस्था बाधित करने और सरकारी कार्य में अवरोध उत्पन्न करने के आरोपों की भी जांच जारी है.

कानून हाथ में लेने वालों पर होगी कार्रवाई

थानाध्यक्ष रंजन चौधरी ने कहा कि शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखना सभी का अधिकार है, लेकिन सड़क जाम कर सार्वजनिक व्यवस्था बाधित करना कानूनन अपराध है. पुलिस निष्पक्ष जांच कर रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Vishwanath Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >