Nawada News: नवादा जिले के अकबरपुर प्रखंड अंतर्गत बलिया बुजुर्ग गांव में श्री श्री 108 श्री शनिदेव महाराज का तृतीय वार्षिक उत्सव आगामी 1 अगस्त को श्रद्धा, भक्ति और अपार उत्साह के साथ मनाया जाएगा. इस पावन अवसर पर दिन भर चलने वाले विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों के साथ-साथ शाम में भव्य भजन संध्या एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा.
108 शनि चालीसा पाठ और महाभंडारे का होगा आयोजन
आयोजकों ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ विधिवत पूजा-अर्चना और 108 श्री शनि चालीसा के सामूहिक पाठ के साथ होगा. इसके पश्चात शाम को महाभंडारा, हवन पूजन एवं आरती का आयोजन किया जाएगा. पूरे आयोजन को सफल बनाने के लिए बलिया बुजुर्ग गांव के ग्रामीण जोर-शोर से तैयारियों में जुटे हुए हैं.
नामचीन कलाकार बिखेरेंगे भक्ति की छटा
सांस्कृतिक एवं भजन संध्या कार्यक्रम में कई जाने-माने कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे. मुख्य कलाकारों में चर्चित गायिका प्रियंका यादव (स्टार यूपी-बिहार), मोहित उपाध्याय, नीरज उपाध्याय, गुड्डू उपाध्याय, विपिन बिहारी, दिलीप कुमार सिंह और मनीष उपाध्याय शामिल हैं, जो अपनी सुरीली आवाज और भक्ति भजनों से श्रद्धालुओं को भावविभोर करेंगे.
ग्रामीणों ने श्रद्धालुओं से की शामिल होने की अपील
कार्यक्रम में आचार्य एवं सह-आयोजक के रूप में प्रवीण कुमार पाण्डेय उर्फ प्रशांत कुमार, नवीन सिंह, निरंजन सिंह एवं कारू सिंह मुख्य भूमिका निभा रहे हैं. आयोजन समिति और समस्त बलिया बुजुर्ग ग्रामवासियों ने क्षेत्र के तमाम श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर भगवान शनिदेव महाराज का आशीर्वाद प्राप्त करने और महाप्रसाद ग्रहण करने की अपील की है.
