नवादा सदर अस्पताल में बवाल, इमरजेंसी वार्ड में ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर से मारपीट

Nawada News: नवादा सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में रविवार को इलाज के विवाद में मरीज के परिजन ने ऑन-ड्यूटी डॉक्टर श्रीकांत प्रसाद के साथ गाली-गलौज और मारपीट की. घटना के बाद अस्पताल में हंगामा खड़ा हो गया. नगर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़ित डॉक्टर के बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी अनूप सिंह को गिरफ्तार कर लिया है. डॉक्टर संगठन अस्पताल में सुरक्षा बढ़ाने की मांग कर रहे हैं.

Nawada News(बब्लू कुमार): जिला मुख्यालय स्थित सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में रविवार को उस समय भारी अफरा-तफरी और तनाव का माहौल बन गया, जब ड्यूटी पर तैनात एक डॉक्टर के साथ मरीज के परिजनों द्वारा से मारपीट की गई. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात को अंजाम देने वाले मुख्य आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है.

इलाज के दौरान कहासुनी, फिर हाथापाई पर उतरे परिजन

जानकारी के अनुसार, रविवार को इमरजेंसी वार्ड में डॉ. श्रीकांत प्रसाद ड्यूटी पर तैनात थे. इसी दौरान एक मरीज को लेकर कुछ लोग अस्पताल पहुंचे थे. मौजूद लोगों के मुताबिक, मरीज के इलाज की प्रक्रिया और प्राथमिकता को लेकर परिजनों और डॉक्टर के बीच अचानक कहासुनी शुरू हो गई. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि मरीज के साथ आए एक युवक ने डॉक्टरों और ऑन-ड्यूटी स्टाफ के साथ गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार करना शुरू कर दिया. जब डॉक्टर ने इसका विरोध किया, तो आरोपी युवक ने तैश में आकर डॉ. श्रीकांत प्रसाद के साथ हाथापाई करते हुए उन पर जानलेवा हमला कर दिया.

अस्पताल में बढ़ा तनाव, डॉक्टरों ने सुरक्षा पर उठाए सवाल

अस्पताल के भीतर सरकारी डॉक्टर से मारपीट की इस दुस्साहसिक घटना के बाद पूरे अस्पताल परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई और स्वास्थ्य कर्मियों में भारी आक्रोश फैल गया.  मौके पर मौजूद अन्य अस्पताल कर्मियों, सुरक्षा गार्डों और मरीजों के तीमारदारों ने बीच-बचाव कर किसी तरह स्थिति को शांत कराया और डॉक्टर को बचाया.

इस घटना से आहत और आक्रोशित डॉ. श्रीकांत प्रसाद ने तुरंत मामले की लिखित शिकायत नगर थाने में दर्ज कराई. सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस फौरन सदर अस्पताल पहुंची, पीड़ित डॉक्टर का बयान दर्ज किया और मामले की जांच में जुट गई.

गाँव सिसवां का रहने वाला है आरोपी, पुलिस ने भेजा जेल

अस्पताल परिसर में डॉक्टरों के हंगामे और मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित एक्शन लिया और अस्पताल में ही घेराबंदी कर आरोपी को हिरासत में ले लिया.

नगर थानाध्यक्ष उमाशंकर सिंह ने बताया कि पीड़ित डॉक्टर के आवेदन के आधार पर सरकारी कार्य में बाधा डालने, ऑन-ड्यूटी डॉक्टर पर हमला करने और अभद्रता करने की गंभीर धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. बता दें कि गिरफ्तार किया गया आरोपी अनूप सिंह, पिता- सुरेंद्र सिंह, नवादा जिले के ग्राम सिसवां का निवासी है. पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है और कागजी प्रक्रिया पूरी कर उसे जेल भेजने की तैयारी की जा रही है.

स्वास्थ्य कर्मियों में भारी नाराजगी, सुरक्षा बढ़ाने की मांग

इस घटना के बाद सदर अस्पताल के डॉक्टरों, नर्सों और अन्य चिकित्सा कर्मचारियों में गहरा रोष व्याप्त है. बिहार राज्य स्वास्थ्य सेवा संघ (भासा) और स्थानीय डॉक्टरों ने इस घटना की कड़े शब्दों में निंदा की है. डॉक्टरों ने दोटूक कहा है कि यदि अस्पतालों में चौबीसों घंटे चिकित्सकों की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए और सुरक्षा गार्डों की संख्या नहीं बढ़ाई गई, तो वे कार्य बहिष्कार जैसे कड़े कदम उठाने पर मजबूर होंगे.

Also Read:नवादा में जमीन कब्जाने पहुंचे हथियारबंद बदमाशों का आतंक, दंपती पर जानलेवा हमला कर छीनी सोने की चेन

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Aditya Kumar Ravi

Aditya Kumar Ravi is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >