रजौली में शराब तस्करों पर पुलिस का शिकंजा, पहाड़ी के पास छापेमारी में 125 लीटर शराब जब्त

Nawada News: नवादा के रजौली थाना क्षेत्र में पुलिस ने गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए 125 लीटर देसी शराब और तीन मोटरसाइकिलें बरामद की हैं. पुलिस को देखकर तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए, जिनकी तलाश जारी है.

Nawada News (रजौली से कुमार मनीष देव की रिपोर्ट): नवादा जिले के रजौली थाना क्षेत्र के जोगियामारण पंचायत अंतर्गत भड़रा गांव के समीप गौतम ऋषि पहाड़ी के पास मंगलवार रात पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की. पुलिस को सूचना मिली थी कि इलाके में शराब की बड़ी खेप पहुंचाई जा रही है. सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर रणजीत कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर छापेमारी शुरू कर दी.

पुलिस को देखते ही भाग निकले तस्कर

छापेमारी के दौरान पुलिस टीम को अपनी ओर आता देख शराब तस्कर अंधेरे और पहाड़ी रास्तों का फायदा उठाकर फरार हो गए. हालांकि पुलिस ने मौके से तीन मोटरसाइकिलों पर लदी 125 लीटर देसी शराब बरामद कर ली. शराब सफेद प्लास्टिक पाउच में पैक कर तस्करी के लिए ले जाई जा रही थी.

तीन बाइक और शराब जब्त

पुलिस ने बरामद शराब और तीनों मोटरसाइकिलों को जब्त कर थाना परिसर में सुरक्षित रखा है. मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है. बरामदगी को क्षेत्र में शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है.

तस्करों की पहचान, गिरफ्तारी के लिए छापेमारी

थानाध्यक्ष रणजीत कुमार ने बताया कि पुलिस को देखकर भागने वाले तस्करों की पहचान कर ली गई है. उनके खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है और गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है.

अवैध शराब कारोबार पर सख्त नजर

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार और तस्करी को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. साथ ही लोगों से अपील की गई है कि यदि कहीं शराब तस्करी या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि इस सामाजिक बुराई पर प्रभावी रोक लगाई जा सके.

Also Read: किराना दुकानदार से सामान खरीदने में 10 रुपये के कारण विवाद, हमले में युवक गंभीर

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Vikash Jha

विकाश झा एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार और कंटेंट प्रोफेशनल हैं, जिन्हें मीडिया, डिजिटल कंटेंट और सोशल मीडिया कम्युनिकेशन के क्षेत्र में छह वर्षों से अधिक का अनुभव है। वर्तमान में वह प्रभात खबर में सीनियर कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने पटना यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन में स्नातक और माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (MCU), भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर की शिक्षा प्राप्त की है। पत्रकारिता की शुरुआत वर्ष 2020 में भोपाल से हुई, जिसके बाद उन्होंने ETV Bharat, Bharat Express और News24 जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में विभिन्न जिम्मेदार भूमिकाओं का निर्वहन किया। News24 से आगे बढ़ते हुए उन्होंने Adglobal360 India Pvt. Ltd. के माध्यम से बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) में कंटेंट राइटर के रूप में कार्य किया। स्पोर्ट्स, हाइपरलोकल और पॉलिटिकल पत्रकारिता उनकी विशेष रुचि और विशेषज्ञता के क्षेत्र हैं। क्रिकेट के प्रति उनका गहरा लगाव है और वे क्रिकेट को सिर्फ एक खेल नहीं, बल्कि अपनी लेखनी का महत्वपूर्ण विषय मानते हैं। उन्हें यात्रा करना, नए लोगों और स्थानों को जानना तथा समाज और राजनीति से जुड़े विषयों पर लिखना पसंद है। मूल रूप से बिहार के समस्तीपुर जिले के रहने वाले विकाश डिजिटल मीडिया की तेज रफ्तार दुनिया में तथ्यों पर आधारित, प्रभावशाली और पाठक-केंद्रित कंटेंट तैयार करने के लिए जाने जाते हैं।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >