रजौली में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, शराब तस्कर और बाइक चोर को किया गिरफ्तार

Nawada News: नवादा जिले की रजौली थाना पुलिस ने अलग-अलग मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक फरार शराब तस्कर और एक बाइक चोर को गिरफ्तार किया है. दोनों आरोपियों को पुलिस ने मेडिकल जांच के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है.

Nawada News (कुमार मनीष देव की रिपोर्ट): नवादा जिले के रजौली थाना क्षेत्र के जोगियामारण पंचायत के भाईजी भित्ता गांव से पुलिस बलों ने शराब मामले में एक फरार अभियुक्त को दबोचा है. इसके साथ ही पुलिस ने दरियापुर गांव से बाइक चोरी मामले में दूसरे अभियुक्त को भी गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है. इस संबंध में थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर रणजीत कुमार ने बताया कि क्षेत्र में अपराधियों और शराब तस्करों के खिलाफ लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है.

भारी मात्रा में शराब बरामद

उन्होंने बताया कि बीते 20 मई की संध्या थाने में पदस्थापित एएसआई (ASI) कृत्या कांत झा ने पुलिस बलों के साथ सतगीर नदी किनारे स्थित एक झाड़ी से बोरे के अंदर प्लास्टिक के पाउच में बंद कुल 76 लीटर महुआ शराब बरामद किया था. उस समय पुलिस को अपनी ओर आता देख मौके का फायदा उठाकर मुख्य शराब तस्कर अंधेरे में फरार हो गया था. इसके बाद जब्त शराब एवं फरार तस्कर के विरुद्ध स्थानीय थाने में एक प्राथमिकी दर्ज कर ली गई थी.

फरार शराब तस्कर गिरफ्तार

बीते रात्रि को मिली गुप्त सूचना के आलोक में पीटीसी (PTC) राहुल कुमार ने त्वरित कार्रवाई करते हुए फरार अभियुक्त भाईजी भित्ता गांव निवासी महावीर प्रसाद यादव के पुत्र विकाश कुमार को सफलतापूर्वक गिरफ्तार कर लिया है. वहीं पुलिस की दूसरी कार्रवाई में बीते 22 अप्रैल की रात्रि को अमावां गांव से चोरी की एक बुलेट बाइक बरामदगी के बाद एक मुख्य आरोपी को भी एसआई (SI) कन्हैया लाल द्वारा पूर्व में गिरफ्तार किया गया था.

नंबर प्लेट बदलकर चला रहा था बाइक

जांच में यह बात सामने आई कि उक्त बुलेट बाइक को आरोपी पटना से चुराकर लाया था और रजौली क्षेत्र में अवैध रूप से नम्बर प्लेट बदलकर चला रहा था. इस मामले में संलिप्त एक अप्राथमिक अभियुक्त को पुलिस ने अब गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान दरियापुर गांव निवासी विजय यादव के पुत्र सिकंदर कुमार उर्फ सोनू के रूप में की गई है. थानाध्यक्ष ने कहा कि दोनों गिरफ्तार अभियुक्तों को रविवार को मेडिकल जांच के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.

Also Read: नवादा में वज्रपात से ताड़ के पेड़ में लगी आग, मूसलाधार बारिश के बीच धू-धू कर जलता रहा पेड़

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Vikas Jha

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >