Nawada News (कुमार मनीष देव की रिपोर्ट): नवादा जिले के रजौली थाना क्षेत्र में कानून का शिकंजा पूरी तरह कसते हुए स्थानीय पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे वारंटियों को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है. थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर रणजीत कुमार के कुशल नेतृत्व में गठित पुलिस टीम द्वारा की गई इस विशेष छापेमारी के दौरान पुलिस ने अमावा गांव से तीन बड़े गैर-जमानती वारंटी अभियुक्तों को एक साथ दबोच लिया है.
तीन सगे भाई गिरफ्तार
पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए मुख्य आरोपियों की पहचान अमावां गांव निवासी स्वर्गीय उमाशंकर तिवारी के तीन पुत्रों गणेश कुमार, मुकेश तिवारी और राजेश कुमार के रूप में स्पष्ट तौर पर हुई है. पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार ये तीनों सगे भाई काफी लंबे समय से पुलिस की पकड़ से दूर भाग रहे थे. जिन्हें रजौली थाना पुलिस ने एक सटीक गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए उनके पैतृक गांव से ही धर-दबोचा.
भेजे गए न्यायिक हिरासत में
इंस्पेक्टर रणजीत कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सभी आवश्यक कानूनी प्रक्रियाओं को मौके पर ही पूरा किया. गिरफ्तार तीनों सगे भाइयों को जरूरी कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद पुलिस की सुरक्षित अभिरक्षा में माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया. जहाँ से विद्वान न्यायाधीश के आदेशानुसार उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है. थानाध्यक्ष ने कहा कि क्षेत्र में फरार अपराधियों और वारंटियों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा.
Also Read: रजौली में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, शराब तस्कर और बाइक चोर को किया गिरफ्तार
