Nawada News (विश्वनाथ कुमार की रिपोर्ट): नवादा जिले के पकरीबरावां बाजार में सार्वजनिक शौचालय की व्यवस्था नहीं होने से स्थानीय लोगों के साथ-साथ मुख्यालय आने वाले हजारों लोगों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. शौचालय के अभाव में लोगों को मजबूर होकर आसपास के घरों का सहारा लेना पड़ता है. लंबे समय से स्थानीय नागरिक जनप्रतिनिधियों और प्रशासन से सार्वजनिक शौचालय निर्माण की मांग करते आ रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हो सकी है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि हर चुनाव में सार्वजनिक शौचालय का मुद्दा उठता है और विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता इसके निर्माण का आश्वासन देते हैं, लेकिन चुनाव समाप्त होते ही यह वादा भी अन्य वादों की तरह अधूरा रह जाता है.
श्रावणी मेला और जैन तीर्थ यात्रियों को भी होती है परेशानी
पकरीबरावां होकर श्रावणी मेला के दौरान देवघर जाने वाले लाखों कांवरियों तथा जैन धर्मावलंबियों के लिए लछुआड़ जाने का प्रमुख मार्ग गुजरता है. ऐसे में बाजार में सार्वजनिक शौचालय नहीं होने से बाहरी यात्रियों को भी भारी असुविधा का सामना करना पड़ता है. कई बार यात्रियों को खुले में शौच जाने या स्थानीय लोगों के घरों का सहारा लेने की मजबूरी होती है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि बिहार सरकार श्रावणी मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक तैयारी करती है, लेकिन इतनी महत्वपूर्ण मार्ग पर स्थित पकरीबरावां बाजार में शौचालय की व्यवस्था नहीं होना प्रशासनिक उदासीनता को दर्शाता है.
सांसद निधि से बने शौचालय भी हुए बेकार
जानकारी के अनुसार पूर्व सांसद भोला सिंह की सांसद निधि से बाजार के तीन स्थानों पर सार्वजनिक शौचालयों का निर्माण कराया गया था. हालांकि निर्माण की गुणवत्ता और रखरखाव के अभाव में ये शौचालय आज उपयोग के लायक नहीं रह गए हैं.
वारिसलीगंज मोड़ स्थित शौचालय के सामने मछली विक्रेताओं द्वारा दुकान लगाए जाने से स्थिति और खराब हो गई है. स्थानीय लोगों ने इसकी शिकायत कई बार थाना और अंचल प्रशासन से की, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है. शांति समिति की बैठकों में भी पुराने और जर्जर शौचालयों को हटाकर नए शौचालय निर्माण की मांग उठती रही है.
लोगों ने जनप्रतिनिधियों से की पहल की मांग
मुख्यालय के बुद्धिजीवियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने स्थानीय विधायक, सांसद तथा जिला परिषद प्रतिनिधियों से इस दिशा में पहल कर जल्द सार्वजनिक शौचालय निर्माण कराने की मांग की है, ताकि आम लोगों और यात्रियों को राहत मिल सके.
क्या कहते हैं बीडीओ
प्रखंड विकास पदाधिकारी डॉ. मृत्युंजय कुमार ने बताया कि कुछ दिन पूर्व ही बाजार स्थित शौचालय की सफाई कराई गई थी, लेकिन अतिक्रमणकारियों द्वारा शौचालय में सामान रख दिए जाने के कारण वह पुनः गंदा हो गया है. उन्होंने कहा कि जल्द ही अतिक्रमणकारियों को नोटिस जारी कर शौचालय के आसपास से अतिक्रमण हटाया जाएगा, ताकि आम लोगों के लिए शौचालय की सुविधा सुचारू रूप से उपलब्ध रह सके.
उन्होंने बताया कि जो शौचालय पूरी तरह ध्वस्त हो चुका है, उसके स्थान पर नए शौचालय के निर्माण का प्रस्ताव तैयार कर संबंधित विभाग को भेज दिया गया है. स्वीकृति मिलने के बाद जल्द ही नए शौचालय का निर्माण कराया जाएगा.
Also Read: नवादा में नाबालिग बाइक सवार ने शिक्षक को मारी टक्कर, गंभीर रूप से घायल
