नवादा में निगरानी विभाग की बड़ी कार्रवाई, 10 हजार रुपये रिश्वत लेते आवास सहायक गिरफ्तार

Nawada News: नवादा के मैसकौर प्रखंड में निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने आवास सहायक बीरू कुमार को 10 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया. कार्रवाई के बाद आरोपी को पटना ले जाकर पूछताछ की जा रही है.

Nawada News (बब्लू कुमार): भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत निगरानी अन्वेषण ब्यूरो (विजिलेंस), पटना की टीम ने नवादा जिले में बड़ी कार्रवाई करते हुए मैसकौर प्रखंड के एक आवास सहायक को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया. इस कार्रवाई के बाद प्रखंड कार्यालय में हड़कंप मच गया और कर्मचारियों के बीच दिनभर मामले की चर्चा होती रही. प्राप्त जानकारी के अनुसार, मैसकौर प्रखंड में कार्यरत आवास सहायक बीरू कुमार पर एक लाभुक से सरकारी योजना से संबंधित कार्य कराने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप लगा था. शिकायत मिलने के बाद निगरानी विभाग ने मामले का पूरी तरह सत्यापन किया और फिर आरोपी को पकड़ने के लिए विशेष रणनीति तैयार की.

दस हजार रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

बुधवार को निगरानी टीम ने जाल बिछाया. जैसे ही आवास सहायक बीरू कुमार ने लाभुक से 10 हजार रुपये रिश्वत के रूप में लिए, टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे रंगे हाथ दबोच लिया. गिरफ्तारी के दौरान रिश्वत की पूरी राशि भी मौके से बरामद कर ली गई. इस अचानक हुई कार्रवाई के कारण आरोपी को संभलने का मौका भी नहीं मिला. कार्रवाई के बाद आरोपी को निगरानी विभाग की टीम अपने साथ पटना ले गई, जहां उससे गहन पूछताछ की जा रही है तथा आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी. सूत्रों के अनुसार, मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आगे की सख्त कार्रवाई की जा रही है.

आम लोगों ने किया कार्रवाई का स्वागत

इस घटना के सामने आने के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं. वहीं, आम लोगों ने भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी विभाग की इस बड़ी कार्रवाई का स्वागत करते हुए दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है. लोगों का कहना है कि ऐसी कार्रवाई से सरकारी योजनाओं में पारदर्शिता आएगी और बिचौलियों व भ्रष्ट कर्मियों पर लगाम लगेगी.

Also Read: गयाजी में पैक्स चुनाव के दौरान मोहर लेकर भाग गया वोटर, कुछ देर के लिए थम गई वोटिंग

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Vikas Jha

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >