नवादा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, सोशल मीडिया पर हथियार का वीडियो वायरल करने वाले चार युवक गिरफ्तार, पिस्टल और कारतूस बरामद

Nawada News: नवादा के नेमदारगंज थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया पर हथियार का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार युवकों को गिरफ्तार किया. उनके पास से देशी पिस्टल, चार कारतूस और दो मैगजीन बरामद किए गए.

नवादा जिले के अकबरपुर से अनिल कुमार की रिपोर्ट
Nawada News: नवादा जिले के नेमदारगंज थाना पुलिस ने अवैध हथियार रखने और सोशल मीडिया पर हथियार का वीडियो वायरल करने के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए चार युवकों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने उनके कब्जे से एक देशी पिस्टल, चार जिंदा कारतूस, दो मैगजीन तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की है. नेमदारगंज थानाध्यक्ष रंजीत कुमार ने रविवार को बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो की सूचना मिलने के बाद सब इंस्पेक्टर मनीष कुमार निराला के नेतृत्व में विशेष छापेमारी अभियान चलाया गया.

पूछताछ में खुलती गई कड़ियां

जांच के दौरान वायरल वीडियो में दिख रहे युवक की पहचान बड़ैल निवासी प्रदुमन कुमार के रूप में हुई. पूछताछ में उसने हथियार अपने साथी राहुल कुमार से लेने की बात स्वीकार की. इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए राहुल कुमार को हिरासत में लिया. पूछताछ में राहुल ने हथियार और कारतूस अपने सहयोगी संजीव कुमार उर्फ राजू के पास होने की जानकारी दी. पुलिस ने बेला गांव स्थित एक किराये के मकान के पास छापेमारी कर संजीव कुमार उर्फ राजू को गिरफ्तार किया.

गोबर के ढेर से कारतूस बरामद

संजीव कुमार उर्फ राजू की निशानदेही पर एक मोटरसाइकिल की डिक्की से एक देशी पिस्टल, दो मैगजीन और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया. आगे की पूछताछ में तीन अन्य कारतूस बालमुकुन्द कुमार के पास होने की जानकारी मिली. पुलिस ने तत्काल बेला गांव में छापेमारी की और वहां गोबर के ढेर में छिपाकर रखे गए तीन जिंदा कारतूस भी बरामद कर लिए. पुलिस की इस मुस्तैदी से हथियार की पूरी खेप पकड़ी गई.

आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज

थानाध्यक्ष रंजीत कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों में प्रदुमन कुमार, राहुल कुमार, संजीव कुमार उर्फ राजू और बालमुकुन्द कुमार शामिल हैं. सभी के विरुद्ध नेमदारगंज थाना कांड संख्या 252/2026 के तहत आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. पुलिस इस मामले की आगे की जांच और नेटवर्क का पता लगाने में जुटी हुई है.

Also Read: BPSC 70वीं परीक्षा में मेसकौर का गौरव बढ़ा, सौरव किशोर ने हासिल की 146वीं रैंक

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Vikash Jha

विकाश झा एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार और कंटेंट प्रोफेशनल हैं, जिन्हें मीडिया, डिजिटल कंटेंट और सोशल मीडिया कम्युनिकेशन के क्षेत्र में छह वर्षों से अधिक का अनुभव है। वर्तमान में वह प्रभात खबर में सीनियर कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने पटना यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन में स्नातक और माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (MCU), भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर की शिक्षा प्राप्त की है। पत्रकारिता की शुरुआत वर्ष 2020 में भोपाल से हुई, जिसके बाद उन्होंने ETV Bharat, Bharat Express और News24 जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में विभिन्न जिम्मेदार भूमिकाओं का निर्वहन किया। News24 से आगे बढ़ते हुए उन्होंने Adglobal360 India Pvt. Ltd. के माध्यम से बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) में कंटेंट राइटर के रूप में कार्य किया। स्पोर्ट्स, हाइपरलोकल और पॉलिटिकल पत्रकारिता उनकी विशेष रुचि और विशेषज्ञता के क्षेत्र हैं। क्रिकेट के प्रति उनका गहरा लगाव है और वे क्रिकेट को सिर्फ एक खेल नहीं, बल्कि अपनी लेखनी का महत्वपूर्ण विषय मानते हैं। उन्हें यात्रा करना, नए लोगों और स्थानों को जानना तथा समाज और राजनीति से जुड़े विषयों पर लिखना पसंद है। मूल रूप से बिहार के समस्तीपुर जिले के रहने वाले विकाश डिजिटल मीडिया की तेज रफ्तार दुनिया में तथ्यों पर आधारित, प्रभावशाली और पाठक-केंद्रित कंटेंट तैयार करने के लिए जाने जाते हैं।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >