सिपाही भर्ती परीक्षा में बड़ा खेल! नवादा में परीक्षा का प्रश्नपत्र वायरल, केंद्राधीक्षक समेत तीन पर एफआईआर

Nawada News : द दीक्षा पब्लिक स्कूल परीक्षा केंद्र पर तैनात प्रेक्षक की शिकायत पर दर्ज प्राथमिकी में प्रश्नपत्र की गोपनीयता भंग करने का आरोप लगाया गया है. सोशल मीडिया पर प्रश्नपत्र वायरल होने की सूचना के बाद CCTV फुटेज की जांच में कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं.

Nawada News : बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग द्वारा 10 जून 2026 को आयोजित गृह रक्षा वाहिनी में अधिनायक लिपिक पद की भर्ती परीक्षा में प्रश्नपत्र वायरल होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. इस संबंध में नगर थाने में परीक्षा केंद्र के भीतर सुनियोजित तरीके से प्रश्नपत्र की गोपनीयता भंग करने की प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है. इस मामले में केंद्राधीक्षक सह उमवि चिटकोली रजौली गणेश पासवान, उमवि अकबरपुर के शिक्षक अजय कुमार और वीक्षक अनुष्का रानी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी है. पुलिस ने इस मामले में अजय कुमार को गिरफ्तार भी कर लिया है.

सोशल मीडिया पर प्रश्नपत्र वायरल होते ही मचा हड़कंप

दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, द दीक्षा पब्लिक स्कूल (केंद्र संख्या-1412) पर तैनात स्टैटिक दंडाधिकारी सह प्रेक्षक ईश्वर प्रसाद ने परीक्षा के दौरान कई संदिग्ध गतिविधियां पकड़ी थीं. परीक्षा शुरू होने से पहले एक बाहरी व्यक्ति अजय कुमार बिना वैध पहचान पत्र के केंद्र के अंदर घूम रहा था, जिसने खुद को केंद्राधीक्षक का सहयोगी बताया था. बाद में आयोग से प्रश्नपत्र सोशल मीडिया पर वायरल होने की सूचना मिलने पर जब सीसीटीवी फुटेज की जांच की गयी, तो चौंकाने वाले खुलासे हुए.

10 मिनट के लिए कमरे से बाहर ले जाया गया प्रश्नपत्र

प्राथमिकी के अनुसार, परीक्षा के दौरान एक कमरे से प्रश्न पुस्तिकाओं को बाहर ले जाया गया. करीब 10 मिनट बाद प्रश्नपत्र वापस वहीं रख दिया गया. आरोप है कि इसी दौरान प्रश्नपत्रों की तस्वीरें खींचकर उन्हें सोशल मीडिया पर लीक किया गया. इस पूरे खेल में अजय कुमार की भूमिका सबसे संदिग्ध मानी जा रही है. मामले में गोपनीयता की सुरक्षा में गंभीर चूक को लेकर केंद्राधीक्षक गणेश पासवान, शिक्षक अजय कुमार और वीक्षक अनुष्का रानी की भूमिका पर सवाल उठाते हुए उन्हें आरोपित बनाया गया है. नगर थाना पुलिस केस दर्ज कर पूरे परीक्षा घोटाले की परतें खोलने में जुटी है.

Also Read : सिपाही भर्ती परीक्षा में बड़ा फर्जीवाड़ा, चीट सप्लाई गैंग पकड़ा गया, बायोमैट्रिक कर्मी और जैमर ऑपरेटर पर भी कार्रवाई

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: YUVRAJ RATAN

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >