Nawada News:(जावेद नजफ) नवादा जिले के गोविंदपुर प्रखंड कृषि कार्यालय गोविंदपुर के सभागार में शनिवार को फार्मर रजिस्ट्री अभियान को लेकर विशेष कैंप का आयोजन किया गया। कैंप की अध्यक्षता प्रखंड कृषि पदाधिकारी आयुष राज ने की। बैठक में फार्मर आईडी निर्माण के दूसरे चरण की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया गया.
छूटे किसानों का पंजीकरण
बैठक में अधिकारियों ने बताया कि फार्मर रजिस्ट्री अभियान का दूसरा चरण 12 मई से शुरू हो चुका है. अभियान के तहत अब तक छूटे किसानों का पंजीकरण युद्ध स्तर पर किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक किसानों को योजना का लाभ मिल सके.
इस दौरान विशेष रूप से उन किसानों को अभियान से जोड़ने पर जोर दिया गया, जिनके आधार कार्ड और जमाबंदी में नाम का मिलान नहीं हो रहा है अथवा जिनकी जमाबंदी में प्लॉट संख्या शून्य अंकित है। अधिकारियों ने कहा कि ऐसे मामलों के समाधान के लिए कृषि विभाग की टीम सक्रिय रूप से कार्य कर रही है.
घर-घर जाकर किसानों से
प्रखंड कृषि पदाधिकारी आयुष राज ने बताया कि किसान सलाहकार, राजस्व कर्मचारी, अमीन एवं कृषि समन्वयक संयुक्त रूप से गांव-गांव और घर-घर जाकर किसानों से आवश्यक दस्तावेज प्राप्त करेंगे. इसके लिए आधार कार्ड, जमाबंदी की प्रति एवं मोबाइल नंबर साक्ष्य के रूप में लिया जाएगा, ताकि किसानों का फार्मर आईडी निर्माण सुचारु रूप से पूरा किया जा सके.
66 प्रतिशत किसानों का फार्मर आईडी तैयार
बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि प्रथम चरण में लगभग 66 प्रतिशत किसानों का फार्मर आईडी तैयार किया जा चुका है, जबकि शेष किसानों का पंजीकरण दूसरे चरण में पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. सभी संबंधित कर्मियों को जिम्मेदारी सौंपते हुए अभियान में तेजी लाने का निर्देश दिया गया.
इस अवसर पर कृषि समन्वयक राकेश कुमार, ओंकार कुमार, एटीएम महताब खान, अपूर्व कुमारी सहित सभी किसान सलाहकार एवं कृषि विभाग के कर्मी उपस्थित रहे.
