नवादा में कोर्ट से लौट रहे मुंशी पर लोहे की रॉड से जानलेवा हमला, सिर फोड़ा, उंगली टूटी, सोने का ताबीज छीनने का आरोप

नवादा नगर थाना क्षेत्र में व्यवहार न्यायालय से घर लौट रहे एक मुंशी पर तीन दबंगों ने लोहे की रॉड से जानलेवा हमला कर दिया. इस हमले में मुंशी गंभीर रूप से घायल हो गए और उनके गले से लगभग 25 हजार रुपये मूल्य का सोने का ताबीज भी लूट लिया गया. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

Nawada News: नवादा नगर थाना क्षेत्र में व्यवहार न्यायालय (सिविल कोर्ट) से काम निपटाकर घर लौट रहे एक मुंशी पर पूर्व से घात लगाए तीन दबंगों ने लोहे की रॉड से जानलेवा हमला कर दिया. इस हमले में मुंशी गंभीर रूप से घायल हो गए. पीड़ित का आरोप है कि हमलावरों ने मारपीट के दौरान उनके गले से करीब 25 हजार रुपये मूल्य का सोने का ताबीज भी छीन लिया. मामले को लेकर पीड़ित ने नगर थाने में आवेदन देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है.

न्यायालय के समीप कृष्णा यादव स्मारक के पास हुआ हमला

पीड़ित कौआकोल प्रखंड के लालपुर गांव निवासी उदय कुमार (पिता जगदीश पासवान), जो वर्तमान में नवादा के पटेल नगर मोहल्ले में रहते हैं, ने पुलिस को दिए आवेदन में पूरी घटना की जानकारी दी है. उन्होंने बताया कि वे व्यवहार न्यायालय, नवादा में मुंशी का काम करते हैं. शाम करीब साढ़े चार बजे जब वे कोर्ट का कार्य समाप्त कर अपने घर लौट रहे थे, तभी न्यायालय के समीप कृष्णा यादव स्मारक के पास पहले से घात लगाए तीन लोगों ने उन्हें घेर लिया.

लोहे की रॉड से ताबड़तोड़ वार, उंगली टूटी और सिर फटा

आवेदन के अनुसार, हमलावर उनके ही गांव के निवासी ललन पासवान, अमन पासवान तथा आकाश कुमार पासवान उर्फ सचिन हैं. पीड़ित का आरोप है कि अमन पासवान ने लोहे की रॉड से उनके सिर पर सीधा प्रहार किया, जिससे उनका सिर फट गया और वे सड़क पर गिर पड़े. इसके बाद तीनों आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए लोहे की रॉड से उनके सिर और दोनों हाथों पर ताबड़तोड़ वार किए. इस जानलेवा हमले में उनके दाहिने हाथ की एक उंगली टूट गई तथा शरीर में कई गंभीर चोटें आईं.

सदर अस्पताल में इलाज जारी, जांच में जुटी पुलिस

घटना के दौरान चीख-पुकार सुनकर दौड़े राहगीरों की मदद से घायल मुंशी को इलाज के लिए सदर अस्पताल, नवादा ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है. पीड़ित मुंशी ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर तीनों नामजद आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है. वहीं, नगर थाना पुलिस पीड़ित के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की छानबीन और आरोपियों की धरपकड़ में जुट गई है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Ashutosh kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >