नवादा सदर में जमीन विवाद लेकर सीओ के पास पहुंचे फरियादी, महीनों से लंबित मामलों के जल्द समाधान का मिला भरोसा

फ़ोटोकैप्शन-सीओ कार्यालय के पास लगी फरियादियो की भीड़

नवादा नगर. सदर प्रखंड कार्यालय में बुधवार को उस समय हलचल बढ़ गई, जब अंचल अधिकारी (सीओ) गरिमा गीतिका कार्यालय पहुंचीं. उनके पहुंचते ही विभिन्न पंचायतों से आए फरियादियों की भीड़ उनके कक्ष के बाहर जुट गई. अधिकांश लोग जमीन विवाद और लंबे समय से लंबित मामलों के समाधान की उम्मीद लेकर अपनी शिकायत दर्ज कराने पहुंचे.

महीनों से लंबित हैं जमीन से जुड़े मामले

फरियादियों में शरमा टांड़ मोहली निवासी शैंपू चौहान, केना गांव के राजू कुमार तथा लखनपुर के जयप्रकाश पांडे सहित कई ग्रामीण शामिल थे. सभी ने बताया कि वे कई महीनों से जमीन संबंधी मामलों के समाधान के लिए अंचल कार्यालय का चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन अब तक उनकी समस्याओं का निपटारा नहीं हो सका है. सीओ के कार्यालय पहुंचने की सूचना मिलते ही सभी अपनी शिकायत लेकर पहुंचे.

सीओ ने सुनी लोगों की समस्याएं

अंचल अधिकारी गरिमा गीतिका ने एक-एक कर सभी फरियादियों की शिकायतें सुनीं और संबंधित मामलों की जानकारी ली. उन्होंने कहा कि कार्यालय में आने वाले प्रत्येक आवेदन की नियमानुसार जांच कर निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी. जिन मामलों में आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध होंगे, उनका शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित किया जाएगा.

नियमित प्रक्रिया से आवेदन देने की अपील

सीओ ने लोगों से अपील की कि वे अपनी शिकायतें निर्धारित प्रक्रिया के तहत कार्यालय में दर्ज कराएं, ताकि उनका समयबद्ध समाधान किया जा सके. उन्होंने भरोसा दिलाया कि पात्र मामलों में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी.

समाधान की उम्मीद लेकर लौटे फरियादी

सीओ के आश्वासन के बाद फरियादियों ने उम्मीद जताई कि लंबे समय से लंबित जमीन विवाद के मामलों का जल्द समाधान होगा. लोगों ने प्रशासन से समयबद्ध कार्रवाई की भी मांग की, ताकि उन्हें बार-बार कार्यालय का चक्कर न लगाना पड़े.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Bablu kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >