Nawada News : नवादा नगर के अस्पताल रोड स्थित कापसी मोड़ के पास मंगलवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया. पटना से किराना सामान लेकर पहुंचे एक मालवाहक वाहन का पिछला पहिया अचानक सड़क किनारे बने नाले में जा धंसा, जिससे वाहन असंतुलित होकर पलट गया. राहत की बात यह रही कि उस वक्त आसपास कोई राहगीर या दूसरा वाहन मौजूद नहीं था, वरना स्थिति गंभीर हो सकती थी.
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मालवाहक वाहन कपसीमे ट्रांसपोर्ट कार्यालय, जेल रोड में सामान उतारने के लिए जा रहा था. जैसे ही वाहन अस्पताल रोड से होकर गुजर रहा था, तभी उसका पिछला हिस्सा नाले में फंस गया और कुछ ही सेकंड में पूरा वाहन एक तरफ पलट गया. घटना इतनी अचानक हुई कि चालक को संभलने का मौका तक नहीं मिला.
पाइपलाइन फटने से सड़क पर बहा पानी
वाहन के पलटते ही सड़क के नीचे बिछी पेयजल आपूर्ति की पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई. पाइप फटने के बाद तेज धार के साथ हजारों लीटर पानी सड़क पर बहने लगा. काफी देर तक पानी बहता रहा, जिससे आसपास के लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा. सड़क पर पानी भर जाने से कीचड़ जैसी स्थिति बन गई और आवागमन भी प्रभावित हुआ.
मौके पर जुटी भीड़, घंटों चला रेस्क्यू
घटना के बाद इलाके में लोगों की भीड़ जमा हो गई. कुछ समय के लिए सड़क पर यातायात भी बाधित रहा. स्थिति को संभालने के लिए स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से वाहन को हटाने की कोशिश शुरू की गई. बाद में दो क्रेन मंगाई गईं, जिनकी सहायता से कई घंटे की मशक्कत के बाद पलटे हुए वाहन को सीधा कर सुरक्षित बाहर निकाला गया.
चालक और खलासी सुरक्षित, लोगों में नाराजगी
इस हादसे में चालक और खलासी दोनों सुरक्षित रहे, जो सबसे राहत की बात रही. हालांकि स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर नाराजगी भी देखी गई. उनका कहना है कि सड़क किनारे नाले पर किसी तरह का डिवाइडर या सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने के कारण इस तरह की दुर्घटनाएं हो रही हैं.
लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द नाले के किनारे सुरक्षा दीवार या डिवाइडर बनाया जाए, ताकि भविष्य में ऐसे हादसे न हों. साथ ही फटी हुई जलापूर्ति पाइपलाइन को भी तुरंत दुरुस्त करने की अपील की गई है.
समय रहते सुधार नहीं हुआ तो हो सकता है बड़ा हादसा
स्थानीय निवासियों का कहना है कि अगर समय रहते सड़क और नाले की व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया, तो आने वाले दिनों में कोई बड़ा हादसा हो सकता है. फिलहाल इस घटना के बाद प्रशासन पर सवाल उठ रहे हैं और लोग जल्द कार्रवाई की उम्मीद कर रहे हैं.
