Nawada News : भाजपा नेता एवं नवादा सांसद विवेक ठाकुर ने बिहार लोक भवन में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल सय्यद अता हसनैन (सेवानिवृत्त) से शिष्टाचार मुलाकात की. इस दौरान सांसद ने नवादा जिले में जल्द से जल्द स्नातकोत्तर (PG) की पढ़ाई शुरू कराने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया. सांसद ने राज्यपाल को पिछले दो वर्षों में इस दिशा में हुए प्रयासों और घटनाक्रम की भी जानकारी दी.
नवादा के छात्रों को PG के लिए जाना पड़ता है गया
सांसद विवेक ठाकुर ने कहा कि वर्तमान में नवादा जिले के किसी भी कॉलेज में स्नातकोत्तर की पढ़ाई की सुविधा उपलब्ध नहीं है. PG की पढ़ाई के लिए छात्र-छात्राओं को मगध विश्वविद्यालय, गया जाना पड़ता है. इससे विद्यार्थियों को आर्थिक और समय संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ता है. विशेषकर छात्राओं के लिए दूसरे जिले में जाकर पढ़ाई करना बड़ी चुनौती है.
तीन कॉलेजों में PG शुरू कराने की मांग
सांसद ने राज्यपाल से नवादा के केएलएस कॉलेज, नवादा, टीएस कॉलेज, हिसुआ और एसएन सिन्हा कॉलेज, वारिसलीगंज में अविलंब स्नातकोत्तर की पढ़ाई शुरू कराने का आग्रह किया. उन्होंने कहा कि जिले में PG की पढ़ाई शुरू होने से स्थानीय विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए दूसरे जिले पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा.
राज्यपाल ने संबंधित अधिकारियों को दिया निर्देश
सांसद के आग्रह पर राज्यपाल ने पूरे मामले का संज्ञान लिया और नवादा में जल्द से जल्द स्नातकोत्तर की पढ़ाई शुरू कराने को लेकर संबंधित पदाधिकारी को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिये. राज्यपाल के स्तर से मिले निर्देश के बाद नवादा में PG की पढ़ाई शुरू होने की उम्मीद बढ़ी है.
