नवादा: रजौली में दिनदहाड़े बाइक और डिक्की में रखा मोबाइल चोरी, खेत से लौटे ग्रामीण के उड़े होश

नवादा के रजौली में एक ग्रामीण के साथ दिनदहाड़े चोरी की घटना हुई है. खटाल के पास खड़ी बाइक और उसकी डिक्की में रखा वीवो स्मार्टफोन अज्ञात चोर ले उड़े. पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

Nawada News : नवादा जिले के रजौली थाना क्षेत्र के चमोथा गांव में दिनदहाड़े चोरी की घटना सामने आई है. अज्ञात चोरों ने एक ग्रामीण की बाइक समेत उसकी डिक्की में रखा महंगा मोबाइल फोन चुरा लिया. घटना के बाद पीड़ित ने रजौली थाना में लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

खटाल के पास बाइक खड़ी कर खेत गए थे ग्रामीण

जानकारी के अनुसार घटना बीते दिन सुबह करीब 10 बजे की है. चमोथा गांव निवासी मरहूम नसीम भारती के पुत्र जानी वारसी ने अपनी मोटरसाइकिल संख्या बीआर27एम/31xx को गांव के खटाल के पास खड़ा किया था. इसके बाद वह किसी काम से खेत की ओर चले गए.

डिक्की में रखा था वीवो मोबाइल, लौटे तो गायब मिली बाइक

पीड़ित ने बताया कि बाइक की डिक्की में वीवो वाई-31 5जी स्मार्टफोन रखा हुआ था. कुछ देर बाद जब वह वापस लौटे तो मौके से बाइक गायब मिली. आसपास काफी खोजबीन करने के बाद भी जब बाइक और मोबाइल का कोई सुराग नहीं मिला, तो उन्होंने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई.

अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज

पीड़ित के आवेदन के आधार पर रजौली थाना में बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. आवेदन में चोरी हुए मोबाइल का नंबर और आईएमईआई नंबर भी पुलिस को उपलब्ध कराया गया है, ताकि उसकी पहचान और बरामदगी में मदद मिल सके.

चोरों की तलाश में जुटी पुलिस

रजौली थानाध्यक्ष रणजीत कुमार ने बताया कि पीड़ित के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है. चोरी गई बाइक और मोबाइल की बरामदगी के साथ-साथ आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Kr manish dev

Published by: Vivek Singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >